पटना के नौबतपुर में सनसनी: कार के अंदर व्यवसायी ने खुद को गोली मारकर की खुदकुशी

Bihar Crime : राजधानी पटना के नौबतपुर में आज एक बड़ी घटना हुई। एक व्यवसायी ने अपनी ही कार के अंदर खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी। हालांकि पुलिस सुसाइड और मर्डर दोनो पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है...

पटना के नौबतपुर में सनसनी: कार के अंदर व्यवसायी ने खुद को गो
पटना में व्यवसायी ने किया सुसाइड- फोटो : सुमित कुमार

Patna : जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवा व्यवसायी ने अपनी ही कार के भीतर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान बेऊर थाना क्षेत्र निवासी जयजनम राय के 23 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है। विकास दरियापुर में स्थित 'देवप्रसाद ट्रेडर्स' नामक सीमेंट, छड़ एवं गिट्टी दुकान के प्रोप्राइटर थे।


दुकान के बाहर खड़ी कार से अचानक आई गोली चलने की आवाज

घटनाक्रम के अनुसार, सोमवार को विकास कुमार रोज की तरह अपनी कार से दरियापुर स्थित अपनी दुकान पर पहुंचे थे। वे अपनी गाड़ी में ही बैठे थे कि इसी बीच कार के अंदर से अचानक गोली चलने की तड़ातड़ आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के दुकानदार और स्थानीय लोग सहम गए और तुरंत कार की तरफ दौड़े। जब लोगों ने कार के भीतर झांककर देखा तो विकास कुमार लहुलुहान और गंभीर स्थिति में सीट पर पड़े हुए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना नौबतपुर थाने को दी।


मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, हथियार बरामद

सरेराह खुदकुशी की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान युवक को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार कार के भीतर से ही बरामद कर लिया है। वारदात के बाद पूरे बाजार और घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।


प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पूरे मामले की जानकारी देते हुए नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से आत्महत्या (सुसाइड) का प्रतीत हो रहा है। युवक ने अपनी कार के अंदर खुद को गोली से उड़ाया है। पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार करने के बाद अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सेल की भी मदद ले रही है।


आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं, मृतक के मोबाइल की हो रही जांच

इस दुखद घटना की खबर जैसे ही बेऊर स्थित मृतक के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन तुरंत नौबतपुर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इतनी कम उम्र के व्यवसायी द्वारा ऐसा आत्मघाती कदम उठाए जाने से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि सुसाइड के पीछे के मुख्य कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स (CDR) सहित अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत का रहस्य साफ हो सके।


सुमित की रिपोर्ट