पटना में 'ओह माय डॉग' की स्पेशल स्क्रीनिंग: 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म, दर्शकों का मिला शानदार रिस्पॉन्स

7 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में निर्देशक अमित राय की बहुप्रतीक्षित और बहुचर्चित पारिवारिक फिल्म 'ओह माय डॉग' रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पूर्व राजधानी पटना में इस फिल्म की एक विशेष 'ऑडियंस स्क्रीनिंग' का भव्य आयोजन किया गया....

पटना में 'ओह माय डॉग' की स्पेशल स्क्रीनिंग: 7 अगस्त को सिनेम
पटना में 'ओह माय डॉग' की स्पेशल स्क्रीनिंग- फोटो : अभिजीत

Patna : निर्देशक अमित राय की बहुप्रतीक्षित और बहुचर्चित पारिवारिक फिल्म 'ओह माय डॉग' 7 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पूर्व राजधानी पटना में इस फिल्म की एक विशेष 'ऑडियंस स्क्रीनिंग' का भव्य आयोजन किया गया, जहां फिल्म को देखने पहुंचे दर्शकों की ओर से बेहद शानदार और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इस फिल्म का पटना से बेहद खास और गहरा जुड़ाव है, क्योंकि इसकी शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा राजधानी के अलग-अलग लोकेशनों पर ही शूट किया गया है। यही वजह रही कि पटना में हुई यह स्क्रीनिंग फिल्म मेकर्स और पूरी स्टारकास्ट के लिए किसी 'होमकमिंग' (घर वापसी) से कम नहीं रही।


निदेशक अमित राय और राजेश कुमार ने साझा किए अनुभव 

विशेष स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म के निर्देशक अमित राय और लोकप्रिय अभिनेता राजेश कुमार ने खुद हॉल में मौजूद रहकर दर्शकों से मुलाकात की और फिल्म निर्माण से जुड़े अपने भावनात्मक अनुभव साझा किए। पटना के दर्शकों ने फिल्म की मर्मस्पर्शी कहानी, पारिवारिक मनोरंजन और करुणा व संवेदनशीलता से भरे संदेश की दिल खोलकर सराहना की। स्क्रीनिंग के बाद मिले इस ज़बरदस्त रिस्पॉन्स से मेकर्स का भरोसा और मजबूत हुआ है कि फिल्म अपनी बेहतरीन विषय सामग्री और सकारात्मक 'वर्ड ऑफ माउथ' (दर्शकों की माउथ पब्लिसिटी) के दम पर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करेगी।


'द लंचबॉक्सऔर 'लापता लेडीजके रिलीज मॉडल पर प्रमोशन 

पटना में आयोजित यह विशेष स्क्रीनिंग फिल्म के देशव्यापी प्री-रिलीज अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मेकर्स ने बताया कि पटना से पहले इंदौर, दिल्ली, पुणे, लखनऊ और कोलकाता में भी ऐसी ही स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की जा चुकी हैं। आने वाले दिनों में अहमदाबाद, गुवाहाटी, बेंगलुरु, हैदराबाद, चंडीगढ़ और मुंबई में भी स्पेशल शो रखे जाएंगे। यह अनोखी रणनीति 'द लंचबॉक्स' और हालिया चर्चित फिल्म 'लापता लेडीज' के रिलीज मॉडल से प्रेरित है, जहां रिलीज से पहले आम जनता को फिल्म दिखाकर सकारात्मक माहौल तैयार किया गया था।


बिहार से फिल्म का गहरा नाताबोले निर्देशक और अभिनेता 

स्क्रीनिंग के मौके पर निर्देशक अमित राय ने भावुक होते हुए कहा कि बिहार उनका गृह राज्य है, इसलिए पटना में 'ओह माय डॉग' को लेकर आना उनके लिए बेहद खास और भावुक पल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक इसके इंसानियत और दयालुता के संदेश को जरूर पसंद करेंगे। वहीं, अभिनेता राजेश कुमार ने कहा कि बिहार का निवासी होने के नाते पटना के दर्शकों के साथ अपनी फिल्म देखना एक बेहद व्यक्तिगत और यादगार अनुभव रहा। दर्शकों को सिनेमाहॉल में हंसते, मुस्कुराते और भावनाओं से जुड़ते देखना ही एक कलाकार के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।


250 से अधिक ट्रेंड डॉग्स और पंकज त्रिपाठी की मुख्य भूमिका 

'ओह माय डॉग' का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने 'बाबूलाल बिस्कोप' तथा 'थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट' के बैनर तले किया है। फिल्म में मुख्य रूप से माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलक्षणा बरुआ, विजय मिश्रा और बुल्लु कुमार जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 'डॉग स्टार' ऑस्कर और ब्रूनो सहित 250 से भी अधिक विशेष रूप से प्रशिक्षित कुत्ते (ट्रेन डॉग्स) अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह संपूर्ण पारिवारिक फिल्म 7 अगस्त को देशभर के थिएटर्स में दस्तक देगी।


अभिजीत की रिपोर्ट