Vande Bharat Express: अब दिल्ली दूर नहीं ! पटना से नई दिल्ली के लिए स्पेशल वंदे भारत ट्रेन, रेलवे की बड़ी सौगात
Vande Bharat Express: रेलवे ने बिहार के लोगों के लिए बड़ी सौगात दी है। पटना से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन का परिचालन किया जाएगा।

Vande Bharat Express: बिहार में रेलवे की ओर से 31 मार्च और 1 अप्रैल 2025 को पटना जंक्शन से नई दिल्ली के लिए स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 8:30 बजे रवाना होकर रात 8:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। पटना से दिल्ली की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन बेहतर साबित होगी। वंदे भारत से लोग 12 घंटे से भी कम समय में दिल्ली की दूरी को कम कर लेंगे। आज यानी 31 मार्च को वंदे भारत ट्रेन को पटना जंक्शन से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया है।
इन रूटों से गुजरेगी स्पेशल वंदे भारत ट्रेन
दरअसल, स्पेशल वंदे भारत ट्रेन डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन), प्रयागराज, कानपुर और अलीगढ़ होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। बता दें कि, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पटना-नई दिल्ली सुपरफास्ट फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 31 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन पटना जंक्शन से रवाना होगी। ट्रेन दोपहर 12:00 बजे पटना जंक्शन से रवाना होगी। वहीं अगले दिन सुबह 4:40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
भागलपुर-आनंद विहार ट्रेन भी पटना होकर जाएगी
31 मार्च को भागलपुर से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन भी पटना जंक्शन होकर गुजरेगी। ट्रेन भागलपुर से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी और शाम 8:50 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। जबकि अगले दिन दोपहर 2:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
जयनगर-नई दिल्ली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन भी चलेगी
31 मार्च और 1 अप्रैल को जयनगर से नई दिल्ली के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जो पाटलिपुत्र जंक्शन होते हुए गुजरेगी। ट्रेन जयनगर से सुबह 4:00 बजे रवाना होगी। सुबह 11:10 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 4:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यात्रियों को होगा बड़ा फायदा
स्पेशल ट्रेनों के संचालन से पटना, जयनगर, भागलपुर और अन्य स्टेशनों से नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। इससे सफर तेज, सुगम और आरामदायक होगा।