Bihar News: बिहार में खेल क्रांति का आगाज! बिहार के खिलाड़ियों को तोहफा देंने सीएम नीतीश कुमार राजगीर रवाना, खेल के बहाने होगा खेल

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राजगीर दौरा बिहार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित होने वाला है। वे बिहार खेल विश्वविद्यालय और राज्य खेल अकादमी परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे।

Sports revolution
बिहार में खेल क्रांति का आगाज! - फोटो : Reporter

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर रवाना हो गए है, जहां वे बिहार को खेल और सुरक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरे के दौरान वे बिहार खेल विश्वविद्यालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे, खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और बिहार पुलिस अकादमी का निरीक्षण करेंगे। उनके साथ कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बिहार के राजगीर, गया, पटना, भागलपुर और बेगूसराय जैसे जिलों में खेलो इंडिया के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं, जो बिहार को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

राजगीर में खेल क्रांति की नई शुरुआत

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राजगीर दौरा बिहार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित होने वाला है। वे बिहार खेल विश्वविद्यालय और राज्य खेल अकादमी परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे। 750 करोड़ रुपये की लागत से 90 एकड़ में फैले इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल और हॉकी स्टेडियम, स्विमिंग पूल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, तीरंदाजी, शूटिंग रेंज, और साइकिलिंग वेलोड्रोम जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं शामिल हैं।

यह उद्घाटन बिहार में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में नीतीश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे पहले, 29 अगस्त 2024 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस परिसर का पहला चरण उद्घाटन किया था, जिसमें 9 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रदर्शनी मैच आयोजित हुआ। आज का उद्घाटन नई सुविधाओं को जोड़कर इस परिसर को और समृद्ध करेगा, जो बिहार के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करने में सक्षम होगा।

Nsmch

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: बिहार में भव्य आयोजन की तैयारी

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का सातवां संस्करण बिहार में पहली बार 4 से 15 मई तक आयोजित होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित खेल महाकुंभ में 28 खेलों के लिए 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से 8500 खिलाड़ी, 1500 प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी हिस्सा लेंगे। आयोजन पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय में होगा, जिसमें राजगीर में फेंसिंग, हॉकी, वेटलिफ्टिंग और कबड्डी जैसे खेल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राजगीर में बिहार खेल विश्वविद्यालय में खेलो इंडिया की तैयारियों का जायजा लेंगे। वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि आयोजन में कोई कमी न रहे। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में उद्घाटन समारोह 4 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा, जिसमें विश्व की सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग और 375 बाल लामाओं द्वारा सिंगिंग बॉल प्रदर्शन जैसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स भी प्रदर्शित होंगे।

 सुरक्षा के मोर्चे पर भी नजर

खेल सुविधाओं के उद्घाटन और खेलो इंडिया की तैयारियों के अलावा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर में बिहार पुलिस अकादमी का भी निरीक्षण करेंगे। यह अकादमी बिहार पुलिस के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नीतीश कुमार, जो गृह विभाग भी संभालते हैं, अकादमी की सुविधाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और बुनियादी ढांचे की प्रगति का जायजा लेंगे।

इस निरीक्षण का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बिहार पुलिस अकादमी आधुनिक तकनीकों और प्रशिक्षण विधियों से लैस हो, ताकि राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। खासकर खेलो इंडिया जैसे बड़े आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अकादमी की भूमिका अहम होगी।

मुख्यमंत्री के इस दौरे में कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी उनके साथ होंगे। इनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, और अन्य वरिष्ठ IAS अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

 बिहार का गौरव, नीतीश का विजन

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राजगीर दौरा बिहार के लिए खेल, शिक्षा, और सुरक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू करने वाला है। बिहार खेल विश्वविद्यालय की अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन, खेलो इंडिया की तैयारियां, और पुलिस अकादमी का निरीक्षण न केवल बिहार के विकास को गति देगा, बल्कि युवाओं को नई प्रेरणा भी प्रदान करेगा।

पटना, गया, राजगीर, भागलपुर और बेगूसराय में चल रही तैयारियां बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान देने के लिए तैयार हैं। अब सभी की निगाहें 4 मई को होने वाले खेलो इंडिया के भव्य उद्घाटन पर टिकी हैं, जहां बिहार अपनी मेजबानी और प्रतिभा का लोहा मनवाएगा।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह