Vande Bharat Express: पटना से दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, चलती ट्रेन पर फेंके गए पत्थर, यात्रियों में मचा हड़कंप
Vande Bharat Express: पटना से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। चलती ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया।

Vande Bharat Express: पटना से नई दिल्ली जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। यह हमला इटावा जिले में जसवंतनगर और बलरई स्टेशन के बीच हुआ। गुरुवार शाम करीब 5:10 बजे जब ट्रेन धीमी गति से गुजर रही थी, तभी दो-तीन पत्थर ट्रेन की बोगियों पर फेंके गए। एक पत्थर सी-1 कोच के शीशे से टकराया, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। अचानक हुई पत्थरबाजी से यात्रियों में अफरातफरी मच गई, हालांकि ट्रेन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।
अलीगढ़ स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन
घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। ट्रेन को अलीगढ़ स्टेशन पर रोका गया, जहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच-पड़ताल की। आरपीएफ इंस्पेक्टर गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटना के बाद उपनिरीक्षक सत्यदेव सिंह को मौके पर भेजा गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि पत्थरबाजी की घटना के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ इटावा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दिल्ली-हावड़ा रेल ट्रैक पर जसवंतनगर रेलवे स्टेशन के पास खंभा नंबर 1174 के पास ट्रेन धीमी गति (कॉशन स्पीड) से गुजर रही थी। इसी दौरान पत्थरबाजी हुई। हालांकि, ट्रेन की कम रफ्तार के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
यात्रियों में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है। पथराव से ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।