तेजस्वी के बेटे के जन्मदिन में शामिल होंगे तेज प्रताप यादव, लालू का घर छोड़ने वाली रोहिणी आचार्य भी आएगी !
बिहार विधानसभा चुनाव में राजद को मिली करारी हार के बाद लालू यादव के घर पर परिवार के सभी लोगों के साथ ही विपक्ष के नेताओं का बड़ा जुटान बेहद खास माना जा रहा है.
Lalu Yadav : राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पोते और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव का बुधवार को पहला जन्मदिन मनाया जा रहा है। जन्मदिन समारोह गाजियाबाद स्थित रागिनी विला में आयोजित किया गया है, जो लालू यादव की बेटी रागिनी यादव और दामाद राहुल यादव का आवास है। इस आयोजन में सबसे प्रमुख चेहरों में तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य का आना है। तेज प्रताप यादव सुबह ही पटना से दिल्ली के लिए फ्लाइट से निकल चुके हैं। वहीं रोहिणी को लेकर भी बड़ी खबर निकल रही है। रोहिणी के तेजस्वी यादव से हुए विवाद के बाद वह घर छोडकर निकल गई थी और राजद सांसद संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगाई थी।
दरअसल, इस पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए लालू परिवार रविवार को ही गाजियाबाद पहुंच चुका है। सूत्रों के अनुसार, आयोजन को पारिवारिक रूप देने की कोशिश की गई है, क्योंकि लालू यादव की अधिकांश बेटियां दिल्ली-एनसीआर में रहती हैं। ऐसे में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी को खास महत्व दिया गया है।
वहीं समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। वहीं ममता बनर्जी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की चर्चा है। बिहार विधानसभा चुनाव में राजद को मिली करारी हार के बाद लालू यादव के घर अगर विपक्ष के नेता जुटते हैं तो यह पहला ऐसा आयोजन होगा जिसमें इतनी बड़ी संख्या में विपक्ष के नेता एक साथ दिखेंगे।
इधर, इस जन्मदिन समारोह को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा रोहिणी आचार्य की मौजूदगी को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार, लालू यादव ने खुद फोन कर परिवार के सदस्यों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि देर शाम तक वह भी आ सकती है। ऐसे ही लालू यादव रेगुलर हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर जाने वाले हैं, जहां रोहिणी रहती है। रोहिणी ने भी लालू यादव को किडनी डोनेट किया था।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले सांसद संजय यादव और रमीज पर सवाल उठाए थे। इसके बाद परिवार के भीतर तनाव की चर्चाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में इराज के जन्मदिन समारोह को परिवार को एकजुट दिखाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।