Bihar Politics: मेरी जान को खतरा है, मेरे दुश्मन...', लालू के बड़े लाल तेज प्रताप को किससे डर? पप्पू यादव के बहाने कह दी बड़ी ये बात
नशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा कर दिया।....
Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों इल्ज़ाम, इशारे और इबारतों का तूफ़ान तेज़ है। सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी और बेल मिलने के बाद बयानबाज़ी का जो दौर शुरू हुआ, उसने राजनीतिक फिज़ा को और भी गरमा दिया है। इसी बहाने जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी अपनी सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा कर दिया।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि “साजिश तो सियासत का पुराना हथियार है। हमारे खिलाफ भी मरवाने और हत्या कराने की साजिशें रची जाती हैं। नेताओं के पीछे लोग हाथ धोकर पड़ जाते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पप्पू यादव को बेल मिलना अच्छी बात है, मगर अब उन्हें जेल से बाहर आकर अपनी जिम्मेदारियों पर फोकस करना चाहिए और अवाम से सीधा ताल्लुक मजबूत करना चाहिए।
पप्पू यादव के उस बयान पर कि ‘मारने की साजिश थी’, तेज प्रताप ने तल्ख़ लेकिन सधी हुई प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि सियासत में दुश्मनी और दांव-पेच आम बात हैं, लेकिन इससे घबराने की बजाय काम पर ध्यान देना ज़रूरी है।
वहीं पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास की गिरफ्तारी पर भी तेज प्रताप ने दो टूक अंदाज़ में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अमिताभ दास बेमतलब और बेबुनियाद बयान देते रहे हैं। “मुझ पर भी झूठे और गुमराह करने वाले कमेंट्स किए गए थे, जिनका कोई आधार नहीं था। अब जिस तरह से वे निशांत पर आरोप लगा रहे हैं, वो भी पूरी तरह झूठ और फरेब है। मैं इन आरोपों को सिरे से खारिज करता हूं।”
इधर, राजद नेता राबड़ी देवी द्वारा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग पर तेज प्रताप ने संतुलित बयान दिया। उन्होंने माना कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की सूरत-ए-हाल संतोषजनक नहीं है और कुछ अहम कामों में ताख़ीर हुई है। हालांकि उन्होंने सम्राट चौधरी को युवा और ऊर्जावान बताते हुए कहा कि उनकी कोशिशें सकारात्मक हैं और उन्हें बेहतर हालात बनाने की दिशा में और तेज़ी लानी चाहिए।
बहरहाल, बिहार की सियासत में ‘साजिश’ अब महज लफ़्ज नहीं, बल्कि एक सियासी हथियार बन चुका है जहां हर बयान के पीछे एक नया मोड़ और हर मोड़ पर नई कहानी जन्म ले रही है।