Bihar Politics: विदेश घूम रहे तेजस्वी यादव को फिर लगा बड़ा झटका, राजद के बडे़ नेता ने छोड़ी पार्टी, लगाया गंभीर आरोप

Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फिलहाल विदेश दौरे पर हैं। इधर एक के बाद एक राजद के कई नेता साथ छोड़ रहे हैं। इसी कड़ी में राजद के बड़े नेता ने पार्टी छोड़ दी है। साथ ही गंभीर आरोप लगाया है।

तेजस्वी यादव
तेजस्वी को लगा बड़ा झटका - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विदेश दौरा पर गए हैं। तेजस्वी फिलहाल विदेश में अपने परिवार के साथ हैं। इसी बीच तेजस्वी को एक के बाद एक बड़े झटके भी लग रहे हैं। तेजस्वी के कई नेता उनका साथ छोड़ रहे हैं। राजद में इस्तीफों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच बीते दिन पूर्व डीजी अशोक कुमार गुप्ता ने प्रदेश राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश राजद अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को भेजा है।

पार्टी पर लगया गंभीर आरोप 

इस्तीफे के बाद अशोक कुमार गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजद में कार्यकर्ताओं का कोई मान-सम्मान नहीं है। छोटे कार्यकर्ताओं की तो बात ही छोड़िए, पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी कार्यकर्ताओं की अनदेखी करता है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों में कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलता है, लेकिन राजद में ऐसी संस्कृति नहीं है। अशोक गुप्ता ने यह भी कहा कि पार्टी ए-टू-जेड और सामाजिक न्याय का नारा तो देती है, लेकिन टिकट वितरण के समय इन बातों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। 

खरमास बाद होंगे किसी भी दल में शामिल 

उन्होंने संकेत दिए कि वे अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत किस दल से करेंगे, इसका फैसला खरमास के बाद लेंगे। गौरतलब हो कि इससे पहले राजद के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद विजय कृष्ण भी पार्टी छोड़ चुके हैं। बिहार सरकार में कई बार मंत्री रह चुके 74 वर्षीय विजय कृष्ण ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को इस्तीफा भेजते हुए दलगत और सक्रिय राजनीति से अलग होने का निर्णय लेने की बात कही थी। उन्होंने राजद की प्राथमिक सदस्यता और सभी संगठनात्मक पदों से त्यागपत्र दे दिया था।

राजद को मिली करारी हार 

उल्लेखनीय है कि विजय कृष्ण ने वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में बाढ़ सीट से जदयू उम्मीदवार के रूप में मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हराकर खासा राजनीतिक ध्यान खींचा था। बिहार विधानसभा चुनाव की बात करें तो इसमें राजद को भारी नुकसान उठाना पड़ा। पार्टी ने 143 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन केवल 25 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी। वहीं महागठबंधन को कुल 35 सीटें मिलीं। इस हार के बाद राजद के कई बड़े नेता पार्टी छोड़ रहे हैं।