Bihar News: मानसून सत्र के पहले दिन तेजस्वी ने दी नीतीश सरकार को चेतावनी, कल नहीं हुआ ये काम तो अंजाम होगा बुरा

Bihar News: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मानसून सत्र के पहले दिन ही नीतीश सरकार को चेतावनी दे दी है। उन्होंने कहा है कि कल सदन में जोरदार हंगामा होगा।

Tejashwi Yadav
Tejashwi warned Nitish - फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज हो गया है। पहले दिन की कार्यवाही खत्म हो चुकी है। वहीं सदन में वोटर लिस्ट से नाम कटने के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसी मुद्दे पर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के विधायक दलों की अहम बैठक हुई। जिसमें बड़ा फैसला लिया गया। तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि विधानसभा में इस मुद्दे पर हर हाल में चर्चा कराई जाए नहीं तो इसके गंभीर नतीजे होंगे।

तेजस्वी यादव की चेतावनी 

तेजस्वी यादव ने कहा कि आज से सत्र शुरु हो गया है। अभी महागठबंधन के विधायक दलों की बैठक खत्म हुई है। उन्होंने बताया कि महागठबंधन के प्रतिनिधियों ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर स्पष्ट रूप से कहा है कि वोटर लिस्ट से नाम कटने की साजिश पर चर्चा कराना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विधानसभा में इस विषय को नजरअंदाज किया गया तो इसका राजनीतिक और लोकतांत्रिक जवाब दिया जाएगा।

लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश बर्दाश्त नहीं 

उन्होंने कहा कि, लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर बिहार विधानसभा है और बिहार लोकतंत्र की जननी है अगर यहीं से लोकतंत्र समाप्त करने की कोशिश की जाएगी तो हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर चर्चा नहीं हुई तो कल बड़े पैमाने इसका विरोध किया जाएगा। 

तेजस्वी का ऐलान 

तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए कहा कि, हम लोग सड़क से लेकर सदन तक विधानसभा से लोकसभा तक इस मुद्दे को नहीं छोड़ेंगे। गरीबों और वंचितों के वोट काटने की साजिश को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जानबूझकर गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के वोटर लिस्ट से नाम हटाए जा रहे हैं, ताकि चुनाव में उन्हें वोट देने से रोका जा सके।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट