बिहार का दुर्भाग्य है कि उसे ऐसा मुख्यमंत्री मिला, 21 साल में बिहार बना सबसे गरीब और बेरोजगार राज्य, निवेश में भी चौपट, तेजस्वी यादव का तीखा प्रहार

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिहार की वर्तमान स्थिति के लिए पिछले 21 सालों के शासन को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार की विफलताओं का कच्चा चिट्ठा सदन के बाहर मीडिया के सामने रखा।

बिहार का दुर्भाग्य है कि उसे ऐसा मुख्यमंत्री मिला, 21 साल मे

Patna - बिहार विधानसभा में बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिहार की वर्तमान स्थिति के लिए पिछले 21 सालों के शासन को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार की विफलताओं का कच्चा चिट्ठा सदन के बाहर मीडिया के सामने रखा।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने पिछले 21 सालों से एनडीए की सरकार को मौका दिया, लेकिन बदले में राज्य को सिर्फ पिछड़ापन मिला। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि आज बिहार की गिनती देश के सबसे गरीब और सबसे बेरोजगार राज्य के रूप में होती है। निवेश के मामले में भी बिहार की स्थिति सबसे चौपट है, जिससे राज्य का विकास पूरी तरह थम गया है। 

बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर प्रहार

तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में 21 सालों के दौरान केवल अपराध, भ्रष्टाचार और अफसरशाही को बढ़ावा मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हर दिन हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी वारदातें हो रही हैं, लेकिन सरकार के पास इन पर नियंत्रण पाने की न तो कोई इच्छाशक्ति है और न ही कोई ठोस योजना। प्रशासन पूरी तरह से संवेदनहीन हो चुका है।

बजट को बताया 'दिशाहीन' और 'घिसा-पिटा'

हालिया पेश किए गए बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने इसे जनता के लिए निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में बिहार के विकास के लिए कुछ भी खास नहीं है। जब सदन में इन कमियों पर सवाल पूछे जाते हैं, तो सरकार के पास कोई जवाब नहीं होता। सत्ता पक्ष वही पुरानी और घिसी-पिटी बातें दोहराकर मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करता है।

मुख्यमंत्री और कार्यशैली पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि यह बिहार का दुर्भाग्य है कि उसे ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिनके शासन में किसी की सुनवाई नहीं होती। उन्होंने 'सुशासन' के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता त्रस्त है और प्रदेश में तानाशाही व सुशासन के नाम पर कुशासन का बोलबाला है।

आर्थिक संकट की चेतावनी

राज्य की वित्तीय स्थिति पर चिंता जताते हुए तेजस्वी ने कहा कि भ्रष्टाचारियों ने बिहार सरकार का खजाना खाली कर दिया है। उन्होंने एक बड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह से लूट मची है, आने वाले कुछ ही दिनों में बिहार सरकार के पास अपने कर्मचारियों को सैलरी देने तक के पैसे नहीं बचेंगे। राज्य एक गहरे आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसके लिए वर्तमान सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। 

तेजस्वी यादव (नेता प्रतिपक्ष) की बाइट: 


"21 साल बिहार की जनता ने एनडीए को मौका दिया, लेकिन बिहार सबसे गरीब और बेरोजगार राज्य बनकर रह गया। यहाँ निवेश चौपट है और भ्रष्टाचार चरम पर है। स्थिति यहाँ तक पहुँच गई है कि जल्द ही कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी पैसे नहीं होंगे।"


Report - Ranjan kumar