Bihar News : डिहरी EO विमल कुमार की हत्या का मामला, तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना, LJP विधायक पर लगाया आरोप, एनकाउंटर की दी चुनौती
Bihar News : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने डिहरी EO की हत्या को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा की एक अधिकारी की हत्या के बाद रामधनी की एनकाउंटर करा दी गयी थी. अब विधायक सोनू सिंह का होगा या नहीं....
PATNA : डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की हत्या के मामले में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने दिवंगत अधिकारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आंदोलन और हर संभव मदद करेगी।
तेजस्वी यादव द्वारा उठाए गए मुख्य मुद्दे
लॉ एंड ऑर्डर के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी को पद संभाले अभी 100-150 दिन ही हुए हैं और यह दूसरी बार है जब किसी सरकारी अधिकारी की हत्या हुई है। अगर सरकार अपने अधिकारियों की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे करेगी? उन्होंने राज्य में "आतंक का राज" कायम होने का आरोप लगाया।
लोजपा(रा) के विधायक पर आरोप
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि NDA और लोजपा (रा) के एक विधायक सोनू सिंह द्वारा अधिकारी से ₹50 लाख की रंगदारी मांगी जा रही थी। अधिकारी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और बात न मानने पर उनकी हत्या करवा दी गई। ऐसा आरोप दिवंगत अधिकारी की पत्नी ने लगाया है।
पुलिस पर सवाल
उन्होंने कहा कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के ही पुलिस अधिकारी बयानों से मामले को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि IG स्तर के अधिकारी मामले में विधायक को बचाने की कोशिश में लगे हैं। कई बार विधायक सोनू सिंह को IG के साथ देखा गया है। तेजस्वी यादव ने चुनौती देते हुए कहा, "जब रामधनी सिंह का एनकाउंटर हो सकता है, तो क्या सम्राट चौधरी में हिम्मत है कि वे इस हत्या में शामिल लोजपा विधायक का एनकाउंटर करवा सकें?"
तेजस्वी की मांग
तेजस्वी यादव ने मांग की है कि मामले में मुख्य आरोपी और विधायक के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित परिवार को पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा की इस मामले को लेकर वे पीड़ित परिवार से भी मुलाकात करेंगे।
रंजन की रिपोर्ट