बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल ने अभिभाषण में नीतीश सरकार की गिनाई उपलब्धियां

Bihar Budget
Bihar Budget 2026- फोटो : news4nation

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार को शुरू हुआ. सत्र की कार्यवाही शुरु होने के पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से मिलकर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया. वहीं राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बजट सत्र में अपना अभिभाषण दिया जिसमें उन्होंने नवम्बर 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, ढांचागत विकास आदि क्षेत्र में हुए व्यापक विकास का जिक्र किया. 


उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था की सुदृढ़ स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में थानों की संख्या 814 से बढ़कर  1380 हो गई है . वहीं सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज और इंजिनीयरिंग कॉलेज के निर्माण को बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से बिहार में महिलाओं को आरक्षण सहित नौकरियों में बड़ा लाभ मिला है. बिहार में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है जिससे राज्य के किसी भी कोने से पटना पहुंचना आसन हो गया है.

वहीं राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के विधायक ने कहा, NEET छात्रा को इंसाफ कब मिलेगा। राज्यपाल कुछ देर के लिए रुके फिर बोलने लगे। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सरकार की ओर से आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा।


मुख्यमंत्री के साथ ही विजय सिंह भी विधानसभा पहुंचे। इस दौरान विधायकों ने उनका भी गुलदस्ता देकर स्वागत किया।  बाद में राज्यपाल का स्वागत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुलदस्ता देकर किया.