नीतीश कुमार के विकास फॉर्मेट पर आगे बढ़ रही सम्राट सरकार, सहयोग शिविरों में जनता की समस्याओं का हो रहा तुरंत समाधान : विजय चौधरी
Patna : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने 'सहयोग शिविर' कार्यक्रम से लौटने के बाद सरकार की प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस शिविर में लगभग 500 महिलाओं ने हिस्सा लिया, जो सरकार की पहलों के प्रति उनके बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिस सोच और दिशा के साथ इन कार्यक्रमों की शुरुआत की है, वह पूरी तरह सही दिशा में आगे बढ़ रही है और इसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
नीतीश कुमार के विकास फॉर्मेट पर आगे बढ़ रही सरकार
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बनाई गई विकास परियोजनाओं के फॉर्मेट और पद्धति के आधार पर ही काम कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में हर यात्रा के दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया था और 'लोक सेवा अधिकार कानून' (RTPS) बनाया था। इसी कानून के तहत प्रखंड और अंचल स्तर पर आने वाले ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदनों का अधिकारियों को एक सीमित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करना पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार लोगों पर कोई एहसान नहीं कर रही है, बल्कि यह जनता का हक है जिसे सरकार उन तक पहुंचा रही है।
शिविरों में तुरंत समाधान और सरकारी विभागों की मुस्तैदी
सहयोग शिविर की जमीनी व्यवस्था की जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम स्थल के चारों तरफ विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन काउंटरों पर पुरुष और महिलाएं पूरी तरह पंक्तिबद्ध तरीके से अनुशासित होकर अपनी समस्याएं रख रहे थे। इस व्यवस्था की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि जो शिकायतें आज शिविर में दर्ज की गईं, उनमें से कई का निष्पादन आज ही यानी मौके पर ही कर दिया गया। नीतीश कुमार की इसी जन-कल्याणकारी सोच और योजनाओं को अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
जांच कभी गलत नहीं होती, फर्जी संस्थानों पर खड़े होते हैं गंभीर सवाल
शिक्षा विभाग द्वारा संस्कृत और मदरसा से जुड़ी संस्थाओं की जांच कराए जाने के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि जांच अपने आप में कभी भी गलत नहीं होती है। सरकार इन संस्थाओं से जो भी आवश्यक और वैध सूचनाएं चाहती है, वो दोनों संस्थाओं को बिना किसी हिचकिचाहट के दे देनी चाहिए। विजय चौधरी ने चेताया कि अगर समाज में कोई भी गलत या फर्जी संस्थाएं चलती हैं, तो उन पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है और सरकार ऐसी चीजों को बढ़ावा नहीं दे सकती।
फ्लड फाइटिंग सामग्रियों का भंडारण पूरा, नेपाल और झारखंड की बारिश पर नजर
आगामी मॉनसून और बाढ़ के खतरे को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की तैयारी पूरी है। फ्लड फाइटिंग (बाढ़ नियंत्रण) के लिए आवश्यक सभी सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण कर लिया गया है। हालांकि, उन्होंने भौगोलिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि नेपाल में अधिक बारिश होगी तो उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति बनेगी, वहीं झारखंड में अत्यधिक बारिश होने पर दक्षिण बिहार प्रभावित होता है। वहीं, विपक्ष द्वारा पेपरलीक मामले पर दिए जा रहे बयानों को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोग जो भी बयान देते हैं हम उसे सुनते हैं, लेकिन उसका असली अर्थ हमसे ज्यादा मीडिया वाले समझते हैं।
अभिजीत की रिपोर्ट