Bihar Election 2025 : महागठबंधन ने 'बिहार का तेजस्वी प्रण' किया जारी, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी बोले- नया बिहार बनाना है
PATNA : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने मंगलवार को अपना साझा घोषणापत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र का नाम 'बिहार का तेजस्वी प्रण' दिया गया है।
इस मौके पर विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री ने कहा कि हम सभी को नया बिहार बनाना है। आज हम लोग मिलकर संयुक्त घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं और इसे किसी भी हाल में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नया बिहार बनाना है। अगले 25 से 30 साल तक हम लोगों को जनता के बीच रहना है। हम लोगों ने जो भी संकल्प लिया है, उसे निश्चित तौर पर पूरा किया जाएगा। हम लोग जनता की उम्मीद पर खरा उतरेंगे। उन्होंने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन बदलाव के लिए आगे बढ़ रही है। हम लोग सरकार बनाने जा रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एनडीए के पास कोई संकल्प ही नहीं है। 20 साल से उन्होंने जो काम किए हैं, उससे उन्हें ऐसा लगता है कि बिहार में कोई समस्या ही नहीं है। अगर वे संकल्प लेकर आएंगे, तो भी लोग हंसेंगे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बिहार में जो भी कमियां हैं, उसे महागठबंधन की सरकार दूर करेगी।
देबांशु की रिपोर्ट