लिवर प्रत्यारोपण की ऐतिहासिक उपलब्धि पर IGIMS की चिकित्सकीय टीम ने स्वास्थ्य मंत्री से की शिष्टाचार मुलाकात, निशांत कुमार ने पूरी टीम को दी बधाई
पटना के IGIMS में पहली बार लिवर के सफल प्रत्यारोपण के ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर संस्थान की चिकित्सकीय टीम ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मौके पर मंत्री पूरी टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी....
Patna : बिहार में पहली बार राज्य सरकार की आर्थिक सहायता से सफलतापूर्वक संपन्न हुए लिवर प्रत्यारोपण की ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद, आईजीआईएमएस (IGIMS), पटना की चिकित्सकीय टीम ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान टीम ने इस बड़ी सफलता के लिए राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
अन्य मेडिकल कॉलेजों में अंग प्रत्यारोपण सुविधाएं शुरू करने पर हुआ विमर्श
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री और चिकित्सकीय टीम के बीच बिहार में अंग प्रत्यारोपण सुविधाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। इस विशिष्ट एवं जटिल चिकित्सा प्रक्रिया को राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी अपनाने की संभावनाओं, आवश्यक संसाधनों, चिकित्सकीय विशेषज्ञता और संस्थागत क्षमताओं को विकसित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
मोनू कुमार के परिजनों के अंगदान के फैसले को बताया गया प्रेरणादायक
स्वास्थ्य मंत्री ने 16 वर्षीय मोनू कुमार के परिजनों द्वारा दुःख की घड़ी में लिए गए साहसिक अंगदान के फैसले की सराहना की। उनके इस महादान से तीन जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिला है—जिनमें IGIMS में 19 वर्षीय युवती का लिवर प्रत्यारोपण तथा दो अन्य मरीजों का IGIMS और AIIMS, पटना में किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
लिवर प्रत्यारोपण के लिए 15 लाख की सरकारी सहायता का प्रावधान
मंत्री ने कहा कि सरकार अंगदान और प्रत्यारोपण को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लिवर प्रत्यारोपण के लिए प्रति मरीज 15 लाख की सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी जरूरतमंद मरीज जीवनरक्षक उपचार से वंचित न रहे।
SOTTO, NOTTO और ROTTO के समन्वय से पूरी हुई यह जटिल प्रक्रिया
इस ऐतिहासिक सफलता में IGIMS, SOTTO बिहार, NOTTO दिल्ली, ROTTO कोलकाता तथा IGIMS एवं AIIMS पटना की टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने चिकित्सकीय टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।