Bihar Land News: भूमि से जुड़े कामों में अब बिचौलियों की भूमिका होगी खत्म, विजय सिन्हा के नए आदेश से हड़कंप

Bihar Land News: उन्होंने म्यूटेशन प्रक्रिया, सर्वे से संबंधित आम समस्याएँ और खतियान–जमाबंदी के अंतर पर भी विस्तार से चर्चा की। सचिव ने स्पष्ट किया कि अंचल कार्यालय का सबसे महत्वपूर्ण कार्य भूमि अभिलेखों का सुव्यवस्थित प्रबंधन ...

विजय सिन्हा
बिचौलियों पर बड़ी कार्रवाई - फोटो : social media

Bihar Land News: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा आयोजित CSC के VLE के पाँचवें बैच का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सभी राजस्व सेवाओं को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाना है।

बिचौलियों की भूमिका समाप्त 

उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालयों में CSC-VLE की तैनाती से आम लोगों को जमीन से संबंधित सटीक जानकारी, भरोसेमंद मार्गदर्शन और सीधे ऑनलाइन सेवाएं मिलेंगी। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और राजस्व संबंधी कार्य समय पर पूरे होंगे। सिन्हा ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित VLE ग्रामीण जनता के लिए सशक्त सहायक साबित होंगे। इसको लेकर अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने विस्तृत जानकारी दी। 

बिचौलियों पर लगेगी रोक 

प्रशिक्षण सत्र के दौरान अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने VLE की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सेवाएँ उपलब्ध होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में सही जानकारी और भरोसे की कमी के कारण नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अब अंचल कार्यालयों में बैठे VLE नागरिकों की शंकाएँ दूर करेंगे और उन्हें त्वरित मार्गदर्शन मिलेगा। इससे गलत सूचना, भ्रम और बिचौलियों द्वारा होने वाले शोषण पर रोक लगेगी।

राजस्व अभिलेख, म्यूटेशन और सर्वे पर गहन प्रशिक्षण

उन्होंने यह भी बताया कि निजी केंद्रों या साइबर कैफ़े में गलत मोबाइल नंबर या अधूरी जानकारी भरने से लोगों को अपडेट नहीं मिल पाते। VLE इस पूरी समस्या का समाधान करेंगे। सत्र के दौरान सचिव जय सिंह ने नक्शा, खतियान, केवाला, लगान रसीद, जमाबंदी पंजी और शुद्धि पत्र जैसे राजस्व अभिलेखों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने म्यूटेशन प्रक्रिया, सर्वे से संबंधित आम समस्याएँ और खतियान–जमाबंदी के अंतर पर भी विस्तार से चर्चा की। सचिव ने स्पष्ट किया कि अंचल कार्यालय का सबसे महत्वपूर्ण कार्य भूमि अभिलेखों का सुव्यवस्थित प्रबंधन और समय पर म्यूटेशन का निष्पादन है।

स्थानीय दबावों से बचे 

उन्होंने सभी VLE को सचेत किया कि कार्यालय में कार्य करते समय स्थानीय दबावों से बचना होगा और पूरी पारदर्शिता के साथ सेवाएँ देनी होंगी। उन्होंने कहा कि “VLE राज्य सरकार और नागरिकों के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आपकी विश्वसनीयता ही आपकी पहचान होगी।” प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य दिव्य राज गणेश, CSC के संतोष तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।