बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाई लाखों की संपत्ति, दो महीने के देवघर गया था पूरा परिवार

राजधानी पटना मे बेखौफ चोरो ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोरो ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर अपना हाथ साफ कर दिया। इस बावत थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....

बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाई लाखों की संपत्ति, दो मह
बंद घर देख चोरो ने कर दिया हाथ साफ- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के पोस्टल पार्क स्थित आदर्श कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से स्थानीय इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


पीड़ित मकान मालिक राम बाबू केसरी पेशे से मिठाई बनाने का काम करते हैं। राम बाबू के अनुसार, वह पिछले करीब दो महीने से अपने परिवार के साथ झारखंड के देवघर में रहकर प्रसाद बेचने का कार्य कर रहे थे, जिसके कारण उनका पटना स्थित यह मकान पूरी तरह बंद था। अपराधियों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाकर इस चोरी की योजना को अंजाम दिया।


घटना का खुलासा तब हुआ जब राम बाबू केसरी 1 अक्टूबर की सुबह अपने परिवार के साथ देवघर से वापस पटना अपने घर लौटे। घर के मुख्य दरवाजे पर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि ताला टूटा हुआ था और जब वे अंदर गए तो सारा सामान अस्त-व्यवस्था और बिखरा हुआ था। घर की ऐसी हालत देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।


पीड़ित के मुताबिक, चोर घर से लगभग तीन भर सोने के आभूषण, आठ भर चांदी, टीवी, फ्रिज, इन्वर्टर, गैस सिलेंडर, पंखा और कीमती कपड़े चुरा ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने केवल चल संपत्ति ही नहीं छोड़ी, बल्कि घर की दीवारों से बिजली की वायरिंग और अन्य फिक्सचर तक उखाड़कर ले गए, जिससे पीड़ित को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।


इस बड़ी चोरी की घटना के तुरंत बाद पीड़ित राम बाबू केसरी ने कंकड़बाग थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी अनुसंधान व छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान और सुराग पाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लगातार खंगाल रही है। 


अनिल की रिपोर्ट