Bihar News: पटना के बंद घर में भीषण चोरी, 65 लाख के आभूषण और लाखों नकदी लेकर फरार हुए चोर, पुलिसिया व्यवस्था पर उठा गंभीर सवाल
Bihar News: राजधानी पटना में चोरों का आतंक देखने को मिल रहा है। बेखौफ चोर एक के बाद एक घटना को अंजाम दे रहे हैं। एक बार फिर बंद घर से चोरों ने भीषण चोरी की है। लाखों रुपए के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए हैं।
Bihar News: राजधानी पटना में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर पर्व-त्योहार के दौरान लोगों का घर से बाहर निकलना अब जोखिम भरा होता जा रहा है। ताजा मामला कंकड़बाग थाना क्षेत्र का है, जहां होली के दौरान एक घर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, कंकड़बाग स्थित TPS कॉलेज के पास रहने वाले अभिषेक कुमार के घर को शातिर चोरों ने निशाना बनाया।
बंद घर से भीषण चोरी
अभिषेक कुमार फिलहाल गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी एक निजी बैंक में नौकरी करती हैं। होली के अवसर पर उनकी पत्नी घर में ताला बंद कर मायके चली गई थीं, इसी दौरान चोरों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार, चोर घर से करीब 65 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 1 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां देखी जा सकती हैं।
पुलिस गश्ती पर उठ रहे सवाल
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि यदि पुलिस समय पर गश्त और कार्रवाई करती, तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि पटना के कई थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन अब तक कई मामलों का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे आम लोगों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट