Bihar News : नीतीश को तीन लाख वोट देते थे, बाढ़ से.. मोकामा से.. लूट के..अनंत का नए खुलासे से खलबली

Bihar News : अनंत सिंह ने दावा किया कि उन्होंने कठिन समय में बाढ़ और मोकामा क्षेत्र से नीतीश कुमार के लिए तीन लाख वोटों का इंतजाम किया था......पढ़िए आगे

Bihar News : नीतीश को तीन लाख वोट देते थे, बाढ़ से.. मोकामा
नीतीश के लिए वोटों का इंतजाम - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार विधान परिषद के अंतर्गत पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में खींचतान और घमासान लगातार चरम पर है। मोकामा से बाहुबली जदयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी की लाख कोशिशों और मान-मनौव्वल के बावजूद अनंत सिंह अपने रुख पर पूरी तरह कायम हैं और उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार को हराने के लिए जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है।   

इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि उनका यह विरोध किसी पार्टी या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नहीं, बल्कि नीरज कुमार के साथ उनका व्यक्तिगत मतभेद और पुराना टकराव है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जदयू के लिए उन्होंने और उनके सहयोगियों ने राजनीतिक रूप से भारी त्याग किया है, जबकि पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार का योगदान उनकी नजर में इस स्तर का नहीं रहा है।   

अपने बयानों में अनंत सिंह ने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए यह भी दावा किया कि उन्होंने कठिन समय में बाढ़ और मोकामा क्षेत्र से नीतीश कुमार के लिए तीन लाख वोटों का इंतजाम किया था। उन्होंने यहां तक कहा कि चाहे जैसे भी और जहां से भी हो, लूट कर या किसी भी तरीके से उन्होंने हमेशा नीतीश कुमार के लिए वोटों का इंतजाम किया है।अपनी पुरानी भूमिका का जिक्र करते हुए अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पूर्व में नीतीश कुमार की सरकार बचाने में भी बेहद अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने दो टूक कहा कि इस बात से कोई इनकार नहीं कर सकता है कि संकट के समय सरकार को बचाने में उनका कितना बड़ा योगदान रहा है।

अनंत सिंह के इस तरह के बयानों और अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ बगावत करने से राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ दल जदयू इस अंदरूनी कलह को थामने की कोशिश में जुटा है, वहीं इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को बेहद दिलचस्प और प्रतिष्ठा का प्रश्न बना दिया है।