Kameshwar Chaupal passed away: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी और पूर्व बिहार विधान परिषद सदस्य कामेश्वर चौपाल का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। कामेश्वर चौपाल ने राम मंदिर निर्माण के लिए पहली ईंट रखी थी और संघ ने उन्हें "प्रथम कार सेवक" का दर्जा दिया था। कामेश्वर चौपाल ने 68 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। परिजनों की मानें तो गुरुवार की देर रात ही उनका निधन हो गया। बता दें कि कामेश्वर चौपाल कई दिनों से बीमार थे। उन्हें किडनी की बीमारी थी। उनकी बेटी ने उन्हें एक किडनी भी दी थी लेकिन आज उनका निधन हो गया है। जिससे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पहली ईंट रखने का मिला था सौभाग्य
कामेश्वर चौपाल बिहार के सुपौल के रहने वाले थे। साल 2020 में उन्हें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया था। बता दें कि, 1989 में विश्व हिंदू परिषद द्वारा अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखी गई थी, जिसकी पहली ईंट रखने का सौभाग्य कामेश्वर चौपाल को मिला था। उस समय वे विश्व हिंदू परिषद के पूर्णकालिक संगठक थे। बाद में उन्होंने बीजेपी जॉइन की और दो बार बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। वर्तमान में वो राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी थें।