फतुहा में दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, गड्ढे में पलटे वाहन, ग्रामीणों ने लूट लिया लाखों रुपये का कोल्ड ड्रिंक

ट्रक मालिक ने बताया कि ट्रक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से करीब 18 टन कोल्ड ड्रिंक लेकर फतुहा की ओर आ रहा था। कंचनपुर के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।

 trucks collided in Fatuha
trucks collided in Fatuha- फोटो : news4nation

Bihar News: पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में शनिवार को दो ट्रकों के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। हादसा फतुहा गांव के समीप कंचनपुर के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गए। दुर्घटना के बाद एक ट्रक पर लदे कोल्ड ड्रिंक की बोतलों को आसपास के ग्रामीणों ने लूटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


ट्रक मालिक ने बताया कि ट्रक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से करीब 18 टन कोल्ड ड्रिंक लेकर फतुहा की ओर आ रहा था। कंचनपुर के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गए और ट्रक में लदा अधिकांश कोल्ड ड्रिंक बिखर गया। ट्रक मालिक के अनुसार ट्रक पर लदे कोल्ड ड्रिंक की कीमत लगभग 7 लाख रुपये हो सकती है। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और ट्रक से कोल्ड ड्रिंक की बोतलें उठाकर ले जाने लगे। उन्होंने दावा किया कि करीब 7 लाख रुपये मूल्य का कोल्ड ड्रिंक ग्रामीणों द्वारा लूट लिया गया।


हादसे में ट्रक चालक प्रवीण यादव और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फतुहा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने तथा यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रजनीश की रिपोर्ट