Bihar News:चलो लक्ष्य की ओर का बुलंद पैगाम, दौड़ प्रतियोगिता में ग्रामीण प्रतिभाओं ने दिखाया दम, पटना में विजेताओं का हुआ सम्मान

Bihar News:"चलो लक्ष्य की ओर" अभियान के तहत लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेल, शिक्षा और सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

Rural Athletes Shine at Race Event Winners Honoured
चलो लक्ष्य की ओर का बुलंद पैगाम- फोटो : reporter

Patna:  ग्रामीण प्रतिभाओं को नई उड़ान देने और युवाओं में खेल, शिक्षा, अनुशासन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छू लो आसमान फाउंडेशन द्वारा बिक्रम स्थित पार्वती हाई स्कूल के खेल मैदान में भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच सोनू कुमार ने प्रथम, बैजू कुमार ने द्वितीय तथा सोनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को डिजिटल रिस्ट वॉच, मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना के लिए सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के संस्थापक चेत प्रकाश ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही मंच, उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि यदि गांवों के युवाओं को संसाधन और प्रोत्साहन मिले तो वे राज्य ही नहीं, देश का भी नाम रोशन कर सकते हैं।

फाउंडेशन के संयोजक ज्योत प्रकाश ने बताया कि "चलो लक्ष्य की ओर" अभियान के तहत लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेल, शिक्षा और सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है।

इस अवसर पर रिपोर्टर ऋषि केश कुमार, पत्रकार आशनारायण शर्मा, सुनील कुमार, लव कुमार, कुश कुमार, सौरभ सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक, फिटनेस प्रशिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रेरणादायी आयोजन निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार