सोनिया गांधी के बयान पर केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह का पलटवार, कहा—'नीतीश कुमार को कांग्रेस से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं'

कांंग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया गांधी द्वारा नीतीश कुमार को लेकर कही गई बात पर जदयू नेताओं ने कड़ा एतराज जताया है। केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार को कांग्रेस से सर्टिफिकेट की जरुरत नही है.....

सोनिया गांधी के बयान पर केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह का पलटवार,
ललन सिंह का सोनिया गांधी पर पलटवार- फोटो : अभिजीत

Bihar politics : जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में सोनिया गांधी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया के एक्स पर वीडियो पोस्ट किया है जिसमें कहा है कि सोनिया गांधी के इस बयान पर आश्चर्य होता है। ललन सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार एक जनप्रिय नेता हैं और उन्हें सोनिया गांधी या राहुल गांधी से किसी भी तरह के राजनीतिक प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। 


नीतीश कुमार ने बदली बिहार की तस्वीर, प्यार से लोग कहते है विकास पुरुष 

ललन सिंह ने नीतीश कुमार के शासनकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने 20 वर्षों के शासन में बिहार की तस्वीर और तकदीर दोनों को पूरी तरह से बदल दिया है। बिहार के आम लोग उन्हें उनके काम के कारण प्यार से 'विकास पुरुष' कहते हैं। ऐसे में बिहार का विकास करने वाले नेता के खिलाफ कांग्रेस का इस तरह की बयानबाजी करना पूरी तरह से बेबुनियाद है। 


कांग्रेस का लोकतंत्र पर बोलना हास्यास्पद

विपक्षी गठबंधन की बैठक के बाद लोकतंत्र बचाने की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए जदयू नेता ने कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र पर बोलना हास्यास्पद है। जिस पार्टी ने देश में केवल अपनी सत्ता और गद्दी बचाने के लिए आपातकाल (Emergency) लागू करके देश के लोकतंत्र को तहस-नहस किया था, वह आज लोकतंत्र की रक्षक बनने का ढोंग कर रही है। 


कांग्रेस के इतिहास को याद दिलाते हुए उन्होंने हरियाणा का उदाहरण दिया और कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान तत्कालीन राज्यपाल तपासे ने चौधरी देवीलाल के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद भजनलाल को शपथ दिला दी थी। इसके बाद सत्ता में बने रहने के लिए 'आया राम, गया राम' की राजनीति को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में लोकतंत्र को मजबूती दे रहे हैं और 'विकसित भारत' एवं 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। 


कांग्रेस लोकतंत्र की सबसे बड़ी दुश्मन

चुनाव आयोग और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ललन सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है, जिसका दायित्व पारदर्शी चुनाव कराना है। निष्पक्ष चुनाव के लिए सही मतदाता सूची का होना अनिवार्य है और इसी के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताकर कांग्रेस ने यह साबित कर दिया है कि वह देश में लोकतंत्र की सबसे बड़ी दुश्मन है। 


गौरतलब है कि कांग्रेस कार्य कमिटि की बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को इंडी गठबंधन से जाने नहीं देना चाहिए था। जिसपर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार को गठबंधन से बाहर ही जाना था और वे निकलने का रास्ता तलाश रहे थे।


अभिजीत की रिपोर्ट