Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारत का परचम, वैभव के स्वर्ण पर BCA अध्यक्ष हर्षवर्धन ने दी बधाई
Asian Games 2026: नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के स्वर्ण पदक जीतने पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम इंडिया के साथ बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को भी हार्दिक बधाई दी है।...
Asian Games 2026: नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के स्वर्ण पदक जीतने पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम इंडिया के साथ बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को भी हार्दिक बधाई दी है। भारत ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से शिकस्त देकर पुरुष क्रिकेट का खिताब अपने नाम बरकरार रखा।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने 19 रन से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा बरकरार रखा।
भारत की पारी की शुरुआत करने उतरे बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज नौ गेंदों पर दो छक्कों की मदद से तेजतर्रार 15 रन बनाए। छोटी लेकिन आक्रामक पारी के साथ वैभव ने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
BCA अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव की उपलब्धि को बिहार और देश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव का अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा बनना बेहद गौरवपूर्ण है। उन्होंने वैभव के आत्मविश्वास, प्रतिभा और निडर खेल की सराहना करते हुए कहा कि उनका सफर बिहार के उभरते क्रिकेटरों के लिए प्रेरणास्रोत है।
BCA सचिव जियाउल आरिफीन ने भी वैभव को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक उनके तेजी से आगे बढ़ते क्रिकेट करियर में एक और अहम पड़ाव है। उन्होंने वैभव की मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की।
BCA ने कहा कि वैभव की कामयाबी बिहार में मौजूद युवा क्रिकेट प्रतिभाओं के बढ़ते दबदबे को दर्शाती है। एसोसिएशन ने भारतीय टीम और पूरे सहयोगी स्टाफ को भी ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीत पर शुभकामनाएं दीं।