वैशाली नाव हादसा: तेजस्वी यादव ने सरकार पर बोला हमला, कहा-अस्पताल में ऑक्सीजन और डॉक्टर होते तो बच जाती कई जानें, पीड़ितों को मिले 3 डिसमिल जमीन"

वैशाली जिले के राघोपुर नाव हादसे के पीड़ित परिवार से मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि घटना के बाद यदि अस्पताल में डॉक्टर और ऑक्सीजन होते तो कई लोगों की जान बच सकती थी....

वैशाली नाव हादसा: तेजस्वी यादव ने सरकार पर बोला हमला, कहा-अस
वैशाली नाव हादसे को लेकर तेजस्वी का सरकार पर बड़ा हमला- फोटो : रंजन कुमार

Patna: वैशाली जिले के राघोपुर दियारा में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह कोई मामूली घटना नहीं है, बल्कि इसमें कई बच्चों की जान गई है और पूरा परिवार व पीढ़ी उजड़ रही है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि केवल थानेदार और सीओ से स्पष्टीकरण मांगना महज खानापूर्ति है।


ग्रामीणों से बातचीत में सामने आई बड़ी प्रशासनिक और स्वास्थ्य समस्याएं

पीड़ितों और ग्रामीणों से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने चार प्रमुख बातें सामने रखीं:

  • स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी: यदि स्थानीय अस्पताल में समय पर ऑक्सीजन, दवाइयां और 2-4 डॉक्टर उपलब्ध होते, तो कम से कम 3-4 बच्चों की जान बचाई जा सकती थी।
  • एम्बुलेंस में ऑक्सीजन का अभाव: घायलों और पीड़ितों को ले जाने वाली एम्बुलेंस में भी ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण स्थिति और गंभीर हो गई।
  • एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की लेटलतीफी: राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुँच पाईं।
  • रिंग बांध परियोजना का बंद होना: उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के समय राघोपुर में रिंग बांध का प्रोजेक्ट शुरू कराया गया था, जिसकी नापी भी हो चुकी थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद तत्कालीन मंत्री विजय सिन्हा ने इस काम को रुकवा दिया। जब तक इस समस्या का कोई 'परमानेंट सॉल्यूशन' (स्थाई समाधान) नहीं होगा, तब तक ऐसी आपदाएं रुकेंगी नहीं।


सरकार के खजाने और प्राथमिकताओं पर तंज

सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के समय वोट खरीदने और विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये बांटे जाते हैं, लेकिन जनहित और विकास कार्यों के लिए सरकार के पास बजट नहीं है। उन्होंने मांग की कि मृतकों के मिलने वाले सामान्य मुआवजे के अलावा प्रत्येक पीड़ित परिवार को पुनर्वास के लिए कम से कम तीन डिसमिल जमीन और विशेष आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए, ताकि वे आगे अपना जीवनयापन कर सकें।


लालू प्रसाद यादव से होगी पीड़ित परिवारों की मुलाकात

इस दौरान उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है और डॉक्टर की सलाह पर उन्हें आराम करने को कहा गया है। इंटरनेट कनेक्टिविटी में दिक्कत के चलते वीडियो कॉल पर बात नहीं हो सकी, लेकिन कल दोपहर 3 बजे दोनों पीड़ित परिवारों के लोग पटना में लालू प्रसाद यादव से मिलेंगे। तेजस्वी यादव ने आश्वस्त किया कि परिवारों की सभी मांगों को विधानसभा में सरकार के समक्ष पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

रंजन की रिपोर्ट