वाहन मालिक ध्यान दें, नंबर प्लेट नहीं बदली तो जेब होगी ढीली, 52 लाख वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी

Bihar transport New rules: बिहार राज्य में जिन वाहनों में अभी तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं लगी है, उनके मालिकों को एक महीने के अंदर इसे अनिवार्य रूप से लगवा लेना होगा।...

Vehicle owners beware HSRP in 1 month
वाहन मालिक ध्यान दें- फोटो : reporter

Bihar transport New rules: बिहार में अब सड़कों पर दौड़ते वाहनों की पहचान को लेकर सरकार ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि जिन गाड़ियों में अब तक हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं लगी है, उनके मालिकों को एक महीने के भीतर इसे हर हाल में लगवाना होगा, वरना कानूनी शिकंजा कसना तय है।

परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने दो टूक अंदाज़ में कहा कि 2019 से पहले पंजीकृत सभी वाहनों के लिए एचएसआरपी अब कोई विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्य हुक्म है। करीब 52 लाख वाहनों पर यह फरमान लागू होगा, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह महज प्रशासनिक कदम नहीं, बल्कि एक बड़ा सियासी संदेश भी है कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं।

सरकार का दावा है कि एचएसआरपी लगने से वाहन चोरी, फर्जीवाड़ा और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ जैसे जुर्म पर लगाम कसी जा सकेगी। दरअसल, यह प्लेट एक तरह की डिजिटल पहचान है, जिसे तोड़ना या बदलना आसान नहीं होता। ऐसे में यह कदम सुरक्षा और पारदर्शिता दोनों को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

अगर कोई वाहन मालिक इस फरमान को हल्के में लेता है, तो उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 192 और 50 के तहत 5,000 से 10,000 रुपये तक का जुर्माना झेलना पड़ सकता है। यानी अब ‘लापरवाही’ सीधे जेब पर भारी पड़ेगी।

मंत्री ने आम अवाम से अपील की है कि वे अपने नजदीकी अधिकृत डीलर या एजेंसी के पास जाकर तुरंत एचएसआरपी लगवा लें और जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) कार्यालय से अपने वाहन का विवरण अपडेट करा लें। इससे न सिर्फ भविष्य की परेशानी से निजात मिलेगी, बल्कि किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से भी बचा जा सकेगा।

दिलचस्प बात यह भी है कि जिन वाहनों में पहले से एचएसआरपी लगी है, अगर उन्हें एसएमएस मिल रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में केवल सॉफ्टवेयर अपडेट कराना जरूरी है। साफ है, बिहार में अब सड़क पर चलने के लिए सिर्फ ड्राइविंग लाइसेंस ही नहीं, बल्कि सही पहचान भी जरूरी हो गई है वरना कानून का डंडा तैयार खड़ा है।