Bihar News : सुरक्षा का अधिकार या 'रसूख की ठसक', लालू-राबड़ी की सुरक्षा पर हम ने किया बड़ा हमला, कहा- इनको किसी का नहीं है डर

Bihar News : हम के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने राजद नेतृत्व को घेरते हुए कहा कि आज पूरा राजद कुनबा वीआईपी सुरक्षा के लिए छाती पीट रहा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : सुरक्षा का अधिकार या 'रसूख की ठसक', लालू-राबड़ी
सुरखा पर सवाल - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा को लेकर बिहार की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। इस मुद्दे पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने सीधे सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने राजद पर तीखा हमला बोलते हुए पूछा है कि यह सुरक्षा का अधिकार है या सिर्फ 'रसूख की ठसक'? उन्होंने इसे बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा दोगलापन करार दिया है।

"किस अपराधी ने धमकी दी, राजद कुनबा क्यों पीट रहा छाती?"

श्याम सुंदर शरण ने राजद नेतृत्व को घेरते हुए कहा कि आज पूरा राजद कुनबा वीआईपी सुरक्षा के लिए छाती पीट रहा है। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा, "भाई, आपको खतरा किससे है? क्या किसी अपराधी ने आपको धमकी दी है? क्या कभी इनके साथ कोई दुर्व्यवहार हुआ है?" 'हम' प्रवक्ता ने कहा कि असलियत इसके बिल्कुल उलट है और सुरक्षा के नाम पर सिर्फ राजनीति की जा रही है।

'जंगलराज' का जिक्र कर राजद के इतिहास पर साधा निशाना

राजद के पुराने ट्रैक रिकॉर्ड पर हमला बोलते हुए श्याम सुंदर शरण ने कहा कि सच्चाई यह है कि जिनके राज में बिहार ने 'जंगलराज' का दंश झेला और जिनके दौर में अपराधी खुद सत्ता की गोद में बैठते थे, आज वही लोग खुद को असुरक्षित बता रहे हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जुड़े होने के आरोप लगते हैं, उन्हें गली-कूचे के अपराधियों से क्या डर होगा?

"नेताओं की गुलामी के बजाय आम जनता की सुरक्षा में लगें पुलिस जवान"

'हम' प्रवक्ता ने सुरक्षा की परिभाषा समझाते हुए कहा कि सुरक्षा का असली मतलब किसी की जान बचाना होता है, न कि सड़कों पर भारी-भरकम गाड़ियों का काफिला दौड़ाकर आम जनता को परेशान करना और अपनी 'ठसक' दिखाना। उन्होंने मांग की कि बिहार पुलिस के जवानों को नकारे गए नेताओं की गुलामी और उनके रुतबे को चमकाने में लगाने के बजाय, बिहार की आम जनता की सुरक्षा में तैनात किया जाना चाहिए।

जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी रोकने की मांग

श्याम सुंदर शरण ने अपने बयान के अंत में राजद नेताओं की इस बयानबाजी को 'नौटंकी' करार दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर नेताओं को कोई वास्तविक खतरा नहीं है, तो सुरक्षा के नाम पर जनता के टैक्स के पैसे की यह फिजूलखर्ची और बर्बादी तुरंत रुकनी चाहिए।