LATEST NEWS

Bihar Weather: बिहार में फरवरी के पहले सप्ताह में ही अधिकतम पारा 30 डिग्री के पार, मौसम के मिजाज में बदलाव, जानें IMD का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में फरवरी के पहले ही सप्ताह में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार हो गया है जो किसानों के साथ साथ मौसम विभाग के लिए भी परेशानी का सबब बन गया है।

ठंड
maximum temperature crossed 30 degre- फोटो : प्रतिकात्मक

Bihar Weather: बिहार में आने वाले दिनों में मौसम में हल्के बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार से मौसम में बदलाव की शुरुआत हो सकती है और दिन-रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा सकती है। सोमवार के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। सुबह और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाओं को लेकर विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

फरवरी में बढ़ता तापमान बना चिंता का विषय

फरवरी के महीने में दिन और रात के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। दिन का अधिकतम तापमान 30°C के पार चला गया है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 15°C से ऊपर पहुंच चुका है। बसंत ऋतु में तापमान में यह असामान्य बढ़ोतरी किसानों और मौसम वैज्ञानिकों दोनों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की उम्मीद

अगर आप तेज धूप देखकर यह सोच रहे हैं कि ठंड का मौसम खत्म हो गया है, तो ऐसा नहीं है। फरवरी में फिर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिनके प्रभाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 6 फरवरी के बाद तापमान में गिरावट की प्रबल संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

मौसम विभाग की मानें तो 1 फरवरी से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ अब चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौजूद है। समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 130 नॉट की गति से जेट स्ट्रीम की हवाएं भी चल रही हैं। आज एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसे एक मजबूत विक्षोभ माना जा रहा है। इसके अलावा 6 फरवरी को भी एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इन दोनों विक्षोभों के संयुक्त प्रभाव से 6 फरवरी के बाद बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और तापमान में गिरावट होगी। फिलहाल, हिमालय के तराई वाले जिलों में कोहरा और राज्य में सामान्य से अधिक तापमान बना हुआ है।

03 फरवरी का मौसम अपडेट

आज 3 फरवरी को सरस्वती पूजा के दिन बिहार में मौसम शरद ऋतु के अंतिम चरण में है। पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि अन्य जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखा जा रहा है। दिन में धूप निकलने की संभावना है, जिससे तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। पछुआ हवाएं भी हल्के से मध्यम गति से चलती रहेंगी। आज दिन का अधिकतम तापमान 24°C से 28°C के बीच, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 10°C से 14°C के बीच रहने की संभावना है।


तापमान के आंकड़े

हाल के दिनों में बिहार में दिन के समय तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। 2 फरवरी को राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.3°C बक्सर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9°C मोतिहारी में और सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 16°C भोजपुर में रिकॉर्ड किया गया। अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में वृद्धि की संभावना है, जिसके बाद तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Editor's Picks