Weather Forecast: दिल्ली से पटना तक बजी खतरे की घंटी! आंधी-तूफान से मौसम में आएगा बड़ा बदलाव
Weather Forecast: IMD ने 20 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में 80 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चलने की संभावना है।
Weather Forecast: देश के कई राज्यों में जारी भीषण गर्मी के बीच अब लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कुल 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लेकिन इसी के साथ आंधी और तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी भी दी गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है क्योंकि कई जगहों पर हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यह बदलाव अगले 15 घंटे के अंदर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 21 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। यहां तेज हवाएं चलने की भी संभावना है और तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 22 से 25 जून तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और मौसम कुछ हद तक सामान्य रहेगा।उत्तर प्रदेश में आज कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। लखनऊ में तापमान करीब 41 डिग्री रह सकता है, लेकिन आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ और अन्य जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।बिहार में पटना का तापमान करीब 39 डिग्री रहने का अनुमान है। लेकिन कई जिलों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान- मध्य प्रदेश में मौसम की स्थिति
राजस्थान में भी मौसम बदलने वाला है। जयपुर में बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य प्रदेश में भोपाल समेत कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी दी गई है। यहां हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं और तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी।
पहाड़ी इलाकों में मौसम का हाल
उत्तराखंड में भी कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। देहरादून में तापमान 35 डिग्री के आसपास रह सकता है, लेकिन पहाड़ी जिलों में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है। हिमाचल प्रदेश में मनाली, शिमला और अन्य पर्यटन स्थलों पर बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। यहां कई जगहों पर हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। तमिलनाडु के कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। चेन्नई और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।असम में अगले 2 से 3 दिनों तक आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगह बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है।मौसम विभाग ने सभी लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, क्योंकि कई राज्यों में मौसम अचानक तेजी से बदल सकता है।