Weather Update: मौसम का बड़ा यू-टर्न! 17 राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह गिरेंगे ओले

Weather Update: देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 17 राज्यों में आंधी, बारिश और कई जगह ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। जानिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों का ताजा मौसम अपडेट।

Weather Update
मौसम विभाग का बड़ा अपडेट- फोटो : freepik

Weather Update: देश के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो गया है, जिसके कारण 10 जून और 11 जून को उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, इसलिए लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लेने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की सक्रियता और पश्चिमी विक्षोभ के असर से 11 और 12 जून को उत्तर-पश्चिम भारत में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में तेज आंधी और तूफान की संभावना जताई गई है। इसी कारण देश के 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट

भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार मानसून ने पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। आने वाले चार से पांच दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद इन राज्यों में भी मानसूनी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों में कब होगी बारिश?

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले पांच से सात दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में 15 जून तक व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में मौसम लगातार बदल रहा है। मंगलवार शाम को अचानक आई आंधी और तूफान के कारण तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 10 जून को राजधानी में आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 11 और 12 जून के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में 10 जून को मेरठ, शामली, बिजनौर, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, खेरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, आगरा, फिरोजाबाद और एटा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं प्रयागराज, कौशांबी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, जालौन और ललितपुर में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 जून को ओलावृष्टि की भी संभावना है।

बिहार में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना

बिहार में 10 से 15 जून के बीच बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है। 11 से 15 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में भी दस्तक दे सकता है।



राजस्थान में लू का असर

राजस्थान में 10 जून को कई इलाकों में लू का असर बना रह सकता है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, श्रीगंगानगर और सीकर जैसे क्षेत्रों में मौसम का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। 11 से 15 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है। 11 से 13 जून के दौरान धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है और इस दौरान हवाओं की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

देश के पहाड़ी इलाकों के मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश में 10 जून को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन 11 जून से मौसम बदल सकता है। शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर में 11 और 12 जून को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि होने का भी अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में 10 से 15 जून तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पिथौरागढ़ और चंपावत में मौसम का असर अधिक रहेगा। 11 और 12 जून को ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।

पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदलने की संभावना

पंजाब में अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, गुरदासपुर और पठानकोट में 11 और 12 जून को मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 11 से 15 जून के बीच राज्य में बारिश हो सकती है। साथ ही आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदलने की संभावना है। जम्मू, श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, पुलवामा, उधमपुर और राजौरी में 11 और 12 जून को मौसम खराब रह सकता है। वहीं 10 जून और 13 से 15 जून के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।