Weather Forecast: बिहार-UP समेत 17 राज्यों में मौसम का बरसने वाला है कहर! IMD ने जारी किया आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Weather Forecast: बिहार, उत्तर प्रदेश समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। जानें अपने राज्य का मौसम अपडेट।

Weather Forecast
देश का मौसम का हाल- फोटो : freepik

Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 जून 2026 के लिए देश के 17 राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार, उत्तर प्रदेश, असम, केरल, महाराष्ट्र, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेजी से आगे बढ़ते हुए पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के अतिरिक्त हिस्सों के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों को कवर कर लिया है। अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहने वाला है मौसम का हाल?

पूर्वोत्तर भारत में 7 से 13 जून तक व्यापक वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। कर्नाटक के तटीय और आंतरिक इलाकों में 8 से 10 जून के दौरान अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल समेत कुल 17 राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 जून तक राजधानी में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस दौरान कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा में 8 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 9 से 11 जून के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 14 जून के बीच बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

बिहार का मौसम

बिहार में मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, खगड़िया, बांका, मुंगेर, जमुई, कटिहार, मधेपुरा और सुपौल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 10 और 11 जून को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 11 जून को बिहार के अधिकांश जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, सोलन, हमीरपुर, ऊना, चंबा, बिलासपुर और किन्नौर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 8 से 13 जून के बीच राज्य में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है। 11 और 12 जून को गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड का मौसम

देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग में बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। 8 से 13 जून के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 11 से 13 जून के दौरान तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।

झारखंड का मौसम

रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, हजारीबाग, गिरिडीह, दुमका, पलामू और गोड्डा में 8 से 12 जून के बीच आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। 11 और 12 जून को कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

जम्मू, श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, उधमपुर, राजौरी, पुंछ, डोडा और कुपवाड़ा में 11 से 13 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा यात्रा से पहले स्थानीय मौसम अपडेट जरूर देखने की सलाह दी है।