Monsoon update 2026: मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट! 60 KM/h की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, देश के 19 राज्यों में भारी बारिश का खतरा

Monsoon update 2026: देशभर में मॉनसून का असर तेज देखने को मिल रहा है। मुंबई से अरुणाचल तक बारिश और बाढ़ जैसे हालात बनते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस बीच IMD ने 19 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया।

Monsoon update 2026
मौसम विभाग का बड़ा अपडेट- फोटो : freepik

Monsoon update 2026: देशभर में अब मॉनसून का असर साफ दिखने लगा है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से लेकर अरुणाचल प्रदेश के सुबनसिरी जिले तक लगातार बारिश के कारण कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल गर्मी और उमस बनी हुई है, लेकिन यहां भी जल्द मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर 19 राज्यों में तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जिन राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल शामिल हैं।

दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव

दिल्ली-एनसीआर में 25 से 29 जून तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना नहीं है। बीच-बीच में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं लोगों को उमस से राहत देंगी। आज 25 जून को आंशिक बादल छाए रहेंगे। 26 जून को मौसम बदलेगा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 27 जून को भी बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी। 28 जून को बादल रहेंगे लेकिन बारिश के आसार कम हैं। 29 जून को फिर से गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश- बिहार में  तेज हवाएं चल सकती हैं

उत्तर प्रदेश में आज कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, झांसी, फिरोजाबाद, ललितपुर, कानपुर, हमीरपुर, हापुड़, आजमगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में आज कई इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया, नालंदा, गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, पूर्णिया, सीतामढ़ी, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और भागलपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों का हाल

महाराष्ट्र में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मुंबई में लगातार तेज बारिश हो रही है। मुंबई और पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग में तेज बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राजस्थान में 25 से 28 जून तक मौसम खराब बना रह सकता है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और अलवर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पहुंच चुका है और सूरत तक आ गया है। दक्षिण गुजरात, उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर बिजली चमकने, आंधी आने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

देश के पहाड़ी राज्यों की स्थिति

उत्तराखंड में आज देहरादून का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, पिथौरागढ़, देहरादून, चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा में मध्यम से भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश में आज बारिश का बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन सोलन, मंडी, चंबा, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर में तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में आज अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में कई जगह भारी बारिश जारी है। लोअर सुबनसिरी जिले में फ्लैश फ्लड जैसे हालात बन गए हैं। इसे देखते हुए असम सरकार ने हाई अलर्ट जारी किया है। अगले एक-दो दिनों में कई निचले जिलों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुवाहाटी, ईटानगर और याजाली में भारी बारिश का अनुमान है। बाढ़ का असर सबसे पहले धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ और सोनितपुर जिलों में देखने को मिल सकता है।