Weather Forecast: यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 18 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट, 90 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं, जानें कैसा रहेगा देश के मौसम का हाल

Weather Forecast: यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 18 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट। जानें अपने राज्य का मौसम, हवा की रफ्तार और तापमान का ताजा अपडेट।

Weather Forecast
मौसम विभाग का बड़ा अपडेट- फोटो : freepik

Weather Forecast: मौसम ने देश के कई हिस्सों में अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 14 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत देश के 18 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है। कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने बताया है कि तेज हवाओं की वजह से पेड़ गिर सकते हैं, बिजली की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। वहीं पहाड़ी राज्यों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा मध्य असम और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी वजह से कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

उत्तर प्रदेश-बिहार के मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, केरल, तमिलनाडु और मेघालय में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। किसानों, मछुआरों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में भारी बारिश की आशंका

दिल्ली में आज भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार शाम और रात के समय 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के तेज झोंके चल सकते हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर, हरदोई, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया में बारिश और तेज आंधी की संभावना है। कई जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट

बिहार में जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, अररिया, खगड़िया, गया, पटना, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। झारखंड में बोकारो, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, दुमका, धनबाद, पलामू और साहिबगंज में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। रांची में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

देश के पहाड़ी इलाकों में मौसम का हाल

उत्तराखंड में ऋषिकेश, नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, टिहरी गढ़वाल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला, शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू, सोलन, किन्नौर, हमीरपुर और सिरमौर में बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मनाली में अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा, अनंतनाग, बडगाम, गांदरबल, डोडा, रामबन, बांदीपोरा और कठुआ में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के बीरभूम, झारग्राम, हावड़ा, हुगली, मुर्शिदाबाद, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। यहां 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कोलकाता में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पंजाब में पटियाला, बरनाला, लुधियाना, गुरदासपुर, अमृतसर, जालंधर, चंडीगढ़ और होशियारपुर में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में सीकर, जयपुर, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, नागौर, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा, बीकानेर, अजमेर और उदयपुर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। मौसम विभाग ने 75 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी, मुरैना, भोपाल, विदिशा, कटनी, इंदौर, धार, श्योपुर, नर्मदापुरम, उज्जैन, अशोकनगर, नीमच, छिंदवाड़ा, बालाघाट, रायसेन और सतना में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

असम में कोकराझार, लखीमपुर, गुवाहाटी, माजुली, बारपेटा, डिमा हासाओ, डिब्रूगढ़, जोरहाट, गोलाघाट, होजाई और तिनसुकिया में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।