Bihar News: 19 फरवरी से ज्ञान भवन में सजेगा महिला शक्ति का अनोखा बाजार, ‘महिला उद्यमी फागुनोत्सव 2026 में क्या होगा खास जानिए

Bihar News: पटना के ज्ञान भवन में 19 फरवरी से महिला उद्यमी फागुनोत्सव 2026 का आगाज होगा। यह मेला महिला उद्यमियों द्वारा आयोजित बिहार का सबसे बड़ा मेला माना जाता है। मेले में आम लोगों का प्रवेश निशुल्क रहेगा।

महिला उद्यमी फागुनोत्सव 2026
महिला उद्यमी फागुनोत्सव 2026- फोटो : social media

Bihar News: पटना के गांधी मैदान स्थित ज्ञान भवन में बिहार महिला उद्योग संघ की ओर से ‘महिला उद्यमी फागुनोत्सव 2026’ का आयोजन 19 से 23 फरवरी तक किया जाएगा। वातानुकूलित बहुउद्देशीय हॉल में लगने वाला यह मेला महिला उद्यमियों द्वारा आयोजित बिहार का सबसे बड़ा मेला माना जाता है। स्थानीय बीआईए सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में संघ की अध्यक्ष उषा झा ने बताया कि मेले में भारत के विभिन्न राज्यों से आई महिला उद्यमियों के 225 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। 

मंत्री करेंगे उद्घाटन 

मेले का उद्घाटन बिहार सरकार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार, NABARD के सीजीएम गौतम कुमार, एआईसी के सीईओ डॉ. विजय प्रकाश, KVIC के निदेशक एच.एम. मेवाती और एमएसएमई-डीएफओ पटना की सहायक निदेशक श्वेता सहित कई अधिकारी शामिल होंगे। मेले में SIDBI, BIADA, उद्योग विभाग और अन्य सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं की भागीदारी भी रहेगी।

महिलाओं के लिए बेहतर मंच 

संघ की उपाध्यक्ष इंदु अग्रवाल, डॉ. पूर्णिमा रॉय और किरण रंजन ने बताया कि संगठन पिछले 32 वर्षों से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराता आ रहा है। इस मेले का उद्देश्य महिला उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, कार्यशालाओं व सेमिनार के जरिए नेटवर्किंग का अवसर प्रदान करना और नए व्यवसायिक अवसरों से जोड़ना है।

महिला उद्यमियों को किया जाएगा पुरस्कृत

संयुक्त सचिव अंकिता ने बताया कि मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला उद्यमियों को पुरस्कृत किया जाएगा। यहां सिल्क, हैंडलूम, आभूषण, सत्तू, पापड़, अचार, मिथिला पेंटिंग, टिकुली व सिक्की आर्ट, थ्री-डी प्रिंटेड आइटम्स, रोबोटिक्स और होम डेकोर जैसे उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके साथ ही स्थानीय कला को बढ़ावा देने के लिए फैशन शो और रैंप वॉक का भी आयोजन किया जाएगा।

आम लोगों के लिए प्रवेश निशुल्क 

संघ की सचिव मेनका सिन्हा ने बताया कि समापन समारोह के दौरान कई पुरस्कार और सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। मेले में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इस मौके पर संघ की सदस्य साधना झा, प्रियंका, अम्बिका देव, सुष्मिता, प्रिया और रुचि चौधरी सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहीं।