Bihar Crime: मुज़फ्फरपुर में 24 घंटे में पांचवीं बार चली गोली, रात होते होते घर में घुसकर नाबालिग छात्रा की अपराधियों ने कर दी हत्या

Bihar Crime: मुज़फ्फरपुर में महज़ 24 घंटे के भीतर पांचवीं बार गोलियां चलीं और इस दफ़ा निशाना बनी एक मासूम नाबालिग छात्रा।

Muzaffarpur Fifth Shooting in 24 Hours Minor Girl Killed
मुज़फ्फरपुर में 24 घंटे में पांचवीं बार चली गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में बेखौफ़ बदमाशों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा। रात ढलते ही शहर बारूद की गंध से भर उठा। महज़ 24 घंटे के भीतर पांचवीं बार गोलियां चलीं और इस दफ़ा निशाना बनी एक मासूम नाबालिग छात्रा।

वारदात सकरा थाना क्षेत्र के सकरा मंसूरपुर की है, जहां देर रात एक सिरफिरे हमलावर ने घर में घुसकर 16 वर्षीय सोनम को गोली मार दी। गोली लगते ही छात्रा ज़मीन पर लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। मृतका की पहचान सकरा मंसूरपुर निवासी अनिल शर्मा की बेटी सोनम के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, रात का सन्नाटा था। अचानक दरवाज़े पर आहट हुई और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाश अंदर दाखिल हुआ और सीधा गोली दाग दी। चीख-पुकार मच गई, मगर तब तक कातिल फरार हो चुका था। घर का आंगन मातम में बदल गया।

सूचना मिलते ही सकरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके को घेराबंदी कर सील किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेजा गया है। शुरुआती तफ्तीश में व्यक्तिगत रंजिश और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।

इस सनसनीखेज कत्ल के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर अपराधियों का हौसला इतना बुलंद कैसे हो गया कि वे घर में घुसकर गोली चला रहे हैं।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि साजिश की परतें खोली जा सकें। हथियार की बरामदगी और वारदात की वजह जानने के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।

मुज़फ्फरपुर की यह खूनी रात कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस केस का कितना जल्द खुलासा करती है और शहर में पसरे खौफ पर कब लगाम लगती है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा