ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर की अवैध वसूली और चुनाव बकाए के खिलाफ मोटर व्यवसायी संघ का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

समस्तीपुर मोटर व्यवसायी संघ ने जिले के ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर में वाहनों की जांच के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूलने का आरोप लगाया है। इस संबंध में संघ ने डीएम और जिला परिवहन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है....

ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर की अवैध वसूली और चुनाव बकाए के खिलाफ म
मोटर व्यवसायी संघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन- फोटो : धीरज पराशर

Samastipur : जिले के ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर में वाहनों की जांच के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूलने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। जिला मोटर व्यवसायी संघ के अनुसार, फिटनेस कराने पहुंचने वाले वाहन चालकों से सरकारी शुल्क के अलावा कई गुना अधिक अवैध राशि की मांग की जा रही है।


अवैध राशि न देने पर फिटनेस फेल करने की धमकी

संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि सेंटर द्वारा तय नियमों को दरकिनार कर वाहन मालिकों का लगातार मानसिक और आर्थिक शोषण किया जा रहा है। जो वाहन मालिक अवैध राशि देने से मना करते हैं, उनके वाहनों को जानबूझकर फिटनेस टेस्ट में फेल कर परेशान किया जाता है।


प्रशासनिक उदासीनता से बढ़ा असंतोषआंदोलन की चेतावनी

इस संबंध में संघ ने पूर्व में भी पत्र संख्या 30 (दिनांक 8 अगस्त 2026) के माध्यम से जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को सूचित किया था। हालांकि, शिकायत के बावजूद अब तक फिटनेस सेंटर की गतिविधियों पर कोई लगाम नहीं लगाई जा सकी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


विगत विधानसभा चुनाव 2025 के बकाए मुआवजे पर चिंता

संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने विगत बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान अधिग्रहित किए गए वाहनों के बकाए भुगतान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि चुनाव कार्य में लगाए गए वाहनों का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद भी भुगतान न होना वाहन स्वामियों के लिए गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है।


दर्जनों प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सौंपा गया ज्ञापन

आज समाहरणालय पहुंचे संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी समस्तीपुर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संघ के उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, राजबाला राय, कुंदन चौधरी, उमेश राय, संतोष शाह, मुन्ना सिंह, अमितेश कुमार, सुनील राय, विश्वजीत कुमार, रामकृष्ण, विपिन कुमार, मोहम्मद शकूर, मिथिलेश राय, लालू राय, बलराम महतो, रिंकू सिंह, विकास कुमार, सत्यम शिवम और राजेश राय सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।


धीरज पराशर की रिपोर्ट