Bihar Flood: गंडक के बढ़ते जलस्तर से सारण में तटबंधों की निगरानी बढ़ी, सात प्रखंडों में अलर्ट जारी
Bihar Flood: नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने सारण जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।...
Bihar Flood: नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने सारण जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नदी में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है और सोमवार की देर रात्रि से लेकर मंगलवार की सुबह तक जलस्तर में और वृद्धि की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सात तटवर्ती प्रखंडों में तटबंधों की निगरानी, पेट्रोलिंग और संभावित प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों में वर्षा और आंधी की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को अगले दो- तीन दिनों तक अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।
सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों के साथ देर शाम को बैठक कर गंडक नदी के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति और संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में गंडक नदी में करीब तीन लाख क्यूसेक पानी पहुंच चुका है। इसके अलावा लगभग डेढ़ लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी आने की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
रात में भी प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने की तैयारी:
प्रशासन ने संभावित परिस्थितियों को देखते हुए रात्रि में भी त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। नदी और तटबंध के बीच बसे क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भोजन उपलब्ध कराने और अन्य जरूरी राहत व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की गई है। विकास मित्रों को भी निगरानी में सक्रिय रखने तथा संबंधित पदाधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर कम समय में राहत सामग्री उपलब्ध हो सके, इसके लिए वेंडर्स को चिह्नित कर आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मुखियाओं के साथ समन्वय बनाकर जमीनी स्थिति की जानकारी लेते रहने को भी कहा गया है।
दरियापुर में 500 लोगों के लिए तैयारी:
सारण जिले के दरियापुर प्रखंड में संभावित प्रभावित क्षेत्रों की विशेष समीक्षा की गई। करीब 100 घरों के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लगभग 500 लोगों के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य एवं अन्य जरूरी सामग्री का अतिरिक्त स्टॉक रखने का निर्देश दिया है। जरूरत पड़ने पर तटबंध के समीप सामुदायिक रसोई शुरू कर प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
आंधी- बारिश को लेकर गांवों में माइकिंग:
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद जिले के सभी अंचलों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। तेज हवा और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की जा रही है। बीडीओ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी लोगों को मौसम की स्थिति और प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी दी जा रही है।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि संभावित स्थिति को लेकर किसी प्रकार की अफरातफरी की जरूरत नहीं है, लेकिन तैयारी में कोई कमी भी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अगले दो- तीन दिनों तक तटबंधों और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के लिए सभी संसाधन तैयार रखने को कहा है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी