बंद घर से 26 लाख नकदी और जेवरात पार, आरोपी को परिजनों ने छुड़ाया, पीड़ित पहुंचा एसपी के पास
Sheikhpura : जिले के हथियावा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेमदारगंज गांव में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे 26 लाख रुपये नकद और सोने के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित सुधीर यादव ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ एक संबंधी के मुंडन समारोह में शामिल होने देवघर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
पड़ोसी युवक पर चोरी का आरोप
घटना के दौरान एक हैरान करने वाला मोड़ तब आया जब पीड़ित के भाई ने घर के अंदर आहट सुनकर चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया। पीड़ित के अनुसार, पड़ोस का ही रहने वाला दीपक यादव अमरूद के पेड़ के सहारे घर में दाखिल हुआ था। शोर मचने पर आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुँच गए और हथियार दिखाकर आरोपी को जबरन छुड़ाकर ले गए। भागते समय आरोपी और उसके परिजन चोरी किया गया सारा सामान और नकदी भी अपने साथ ले गए।
डायल 112 को दी गई सूचना
पीड़ित सुधीर यादव ने जानकारी दी कि घटना की रात ही डायल 112 को मामले की सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुँची। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि घटना के अगले दिन थाने जाने पर पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करने में आनाकानी की, जिससे उन्हें न्याय के लिए आगे का रुख करना पड़ा।
न्याय की गुहार लेकर कलेक्ट्रेट पहुँचे ग्रामीण और पीड़ित
थाने में सुनवाई न होने से क्षुब्ध होकर शुक्रवार को सुधीर यादव दर्जनों ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुँचे। वहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) बलिराम कुमार चौधरी को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने इस घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरेआम हथियार दिखाकर अपराधी को छुड़ा ले जाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
लिखित शिकायत का इंतजार : पुलिस
दूसरी ओर, हथियावा थाना के सब-इंस्पेक्टर गौतम कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि सबूत जुटाए जा सकें। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक थाना स्तर पर कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन मिलते ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उमेश की रिपोर्ट