Bihar News: समृद्धि का शंखनाद! 1 मार्च को नीतीश कुमार का शेखपुरा दौरा संभावित, सियासी हलचल तेज

Bihar News: समृद्धि यात्रा के तहत सूबे के मुखिया नीतीश कुमार के 1 मार्च को शेखपुरा जिला पहुंचने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।...

 Nitish Kumar likely visit to Sheikhpura on March 1
समृद्धि का शंखनाद! - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। “समृद्धि यात्रा” के तहत सूबे के मुखिया नीतीश कुमार के 1 मार्च को शेखपुरा जिला पहुंचने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि उनका काफिला जिले के सर्वा पंचायत में जनसभा को संबोधित करेगा। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और तैयारियों का सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी है।

सभा स्थल सर्वा गांव में नव निर्मित सरकारी पंचायत भवन के समीप तय किया गया है। इसी कड़ी में बरबीघा के विधायक डॉ. कुमार पुष्पांजय ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ स्थल निरीक्षण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पंचायत भवन का मुआयना करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ हिदायत दी कि इंतजामात में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मीडिया से मुखातिब होते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास का पैगाम है। इस दौरान जिलेवासियों को कई जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए शासनकाल में बिहार चौमुखी विकास की राह पर अग्रसर है और सरकारी योजनाएं पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

विधायक ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण बिहार आज विकास का रोल मॉडल बन चुका है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। खासतौर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और वे अब मुख्यधारा से जुड़कर प्रदेश की तरक्की में अहम किरदार निभा रही हैं।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि हालिया जनादेश ने एनडीए को भारी बहुमत देकर विपक्ष को करारा जवाब दिया है। समृद्धि यात्रा को उसी विश्वास की पुनः पुष्टि के रूप में देखा जा रहा है।

इस मौके पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनोद सिंह, जदयू नेता संतोष कुमार शंकु, संजय कुमार, प्रमोद चंद्रवंशी और पूर्व मुखिया पवन किशोर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। साफ है 1 मार्च को शेखपुरा की धरती पर सियासत और विकास का संगम देखने को मिल सकता है।

रिपोर्ट- उमेश कुमार