Bihar Crime : सिवान में सनसनीखेज वारदात, बदमाशों ने दुकानदार पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान हुई मौत, ग्रामीणों ने जमकर काटा बवाल

Bihar Crime : सिवान में सामान खरीदने पहुंचे कुछ युवकों ने पैसे के विवाद को लेकर दुकानदार नदीम अंसारी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और दुकान का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया.....पढ़िए आगे

Bihar Crime : सिवान में सनसनीखेज वारदात, बदमाशों ने दुकानदार
दुकानदार को जिंदा जलाया - फोटो : TABISH

SIWAN : सिवान में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। जीबी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात सामान खरीदने पहुंचे कुछ युवकों ने पैसे के विवाद में दुकानदार नदीम अंसारी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद आरोपियों ने दुकान का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से झुलसे नदीम की मौत हो गई। मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के अलावल टोला निवासी जलील अंसारी के 25 वर्षीय पुत्र नदीम अंसारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नदीम थाना के सामने अपनी दुकान चलाते थे। बुधवार की रात कुछ युवक उनकी दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे थे। सामान का पैसा मांगने पर युवकों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया।

मौके पर पहुंचे ग्रामीण 

विवाद के दौरान एक युवक बाजार से पेट्रोल लेकर आया। इसके बाद अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर नदीम के शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दुकान को बाहर से बंद कर दिया और ताला लगाकर फरार हो गए। दुकान से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के बाद दुकान का दरवाजा तोड़कर नदीम को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना के बाद गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सीवान-पटना मुख्य मार्ग पर तरवारा पुल के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आगजनी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दो घंटे बाद पहुंचे अधिकारी, गिरफ्तारी का दिया भरोसा

मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब दो घंटे बाद सदर एसडीपीओ आशुतोष गुप्ता और सदर-1 एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस जघन्य वारदात में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट