siwan Murder: तेजाब डालकर नदीम को जलाने का आरोप, शटर गिराकर बाहर से लगाया ताला; बहन को बताई आखिरी बात

siwan Murder: सीवान के सरैया बाजार में जनरल स्टोर संचालक नदीम अंसारी की दुकान में जलने से मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर NH-227A को छह घंटे तक जाम किया।

siwan Murder

siwan Murder: बिहार के सीवान जिले में एक जनरल स्टोर संचालक की अपनी ही दुकान में जलने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र के सरैया बाजार की है। बुधवार शाम हुई इस घटना के बाद गुरुवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तरवारा बाजार के पास एनएच-227ए को करीब छह घंटे तक जाम रखा।


दुकान में आग लगने से झुलसा युवक


मृतक की पहचान अलावल टोला चौकी हसन गांव निवासी 27 वर्षीय नदीम अंसारी के रूप में हुई है। वह सरैया बाजार में जनरल स्टोर चलाता था। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच नदीम अपनी दुकान में बैठा था। इसी दौरान तीन युवकों के वहां पहुंचने की बात सामने आई है।


परिजनों का आरोप है कि नदीम पर तेजाब फेंकने के बाद आग लगा दी गई और दुकान का शटर गिराकर बाहर से ताला लगा दिया गया। आग की लपटों में घिरे नदीम की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन दुकान का शटर बाहर से बंद होने के कारण उसे निकालने में परेशानी हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला।


पटना ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत


स्थानीय लोग नदीम को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया। परिजन और स्थानीय लोग उसे लेकर पटना जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


शव रखकर सड़क पर किया प्रदर्शन


नदीम की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को तरवारा बाजार के पास एनएच-227ए पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क पर टायर जलाकर आवागमन रोक दिया गया। करीब छह घंटे तक जाम रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खत्म कराने की कोशिश की। घटना के बाद सरैया बाजार और आसपास के इलाकों में तनाव और डर का माहौल है।


मृतक की बहन ने बताई घटना की जानकारी


नदीम की बहन के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच हुई। उनका भाई दुकान में बैठा था, तभी तीन युवक वहां पहुंचे। रात करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई को जला दिया गया है। बहन ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचीं, तब तक फायर ब्रिगेड की टीम नदीम को लेकर तरवारा जा चुकी थी। वह बाइक से उसके पीछे-पीछे पहुंचीं। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने नदीम से पूछा कि उसके साथ किसने ऐसा किया। इस पर उसने केवल इतना बताया कि तीन लोग थे। वह इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सका।


बहन के मुताबिक, नदीम ने बताया था कि दुकान की चाबी अंदर ही रह गई है। वह बार-बार जलन होने की बात कह रहा था और दवा लगाने के लिए कह रहा था। परिजनों का कहना है कि दुकान के आसपास मौजूद एक महिला ने अंदर से आवाज सुनी थी, जिसके बाद लोगों को घटना की जानकारी मिली।


पुलिस कर रही मामले की जांच


जीबी नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।