खौफनाक मंजर: ट्रक ने गर्भवती महिला को रौंदा, पेट फाड़कर बाहर निकला मासूम; दोनों की दर्दनाक मौत! परीक्षा दिलाने जा रहे ससुर की आंखों के सामने उजड़ी खुशियां

सुपौल के एनएच-27 पर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार गर्भवती महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला और उसके आठ माह के अजन्मे शिशु की मौके पर ही मौत हो गई। परीक्षा दिलाने जा रहे ससुर की आंखों के सामने उजड़ी खुशियां

खौफनाक मंजर:  ट्रक ने गर्भवती महिला को रौंदा, पेट फाड़कर बाह

Supaul - बिहार के सुपौल जिले के सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 पर गुरुवार को एक ऐसी रूह कंपा देने वाली दुर्घटना हुई, जिसने देखने वालों के कलेजे को छलनी कर दिया। ललित ग्राम थाना क्षेत्र के डेगरी निवासी भुनेश्वर प्रसाद सिंह अपनी 8 माह की गर्भवती बहू संगीता कुमारी और उसकी बहन को बाइक से बीए (BA) की परीक्षा दिलाने राघोपुर के केएन डिग्री कॉलेज ले जा रहे थे। इसी दौरान पुराने सिनेमा हॉल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी खुशियों को काल के गाल में धकेल दिया। 

हादसा इतना भीषण कि अजन्मे शिशु ने भी तोड़ा दम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एनएच पर एक माल लदा ट्रक (BR 09GC 1463) पहले से खड़ा था। जैसे ही भुनेश्वर प्रसाद ने अपनी बाइक (BR 01CS 6017) को साइड से निकालने की कोशिश की, पीछे से आ रहे एक अन्य अनियंत्रित ट्रक (HR 46E 5794) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि संगीता कुमारी ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। हादसे की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला का पेट फट गया और 8 माह का गर्भस्थ शिशु बाहर निकल आया। माँ और बच्चे दोनों की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। 

बाल-बाल बचे ससुर और बहन, मौके पर मचा कोहराम

इस विनाशकारी टक्कर में बाइक चला रहे भुनेश्वर प्रसाद सिंह और मृतका की बहन चमत्कारिक रूप से बच गए, लेकिन अपनी बहू और होने वाले पोते/पोती के क्षत-विक्षत शव देख वे सुध-बुध खो बैठे। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर बिखरे मांस के लोथड़े और मासूम के शव को देख स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 

आक्रोशित लोगों ने ट्रक को घेरा, चालक की तलाश तेज

हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रक को स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पकड़ लिया। सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

परिवार में मातम, इलाके में शोक की लहर

एक साथ दो मौतों (माँ और अजन्मे बच्चे) की खबर जैसे ही डेगरी गाँव पहुँची, वहाँ कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से एनएच पर ओवरस्पीडिंग रोकने और अवैध पार्किंग पर लगाम लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और की कोख इस तरह उजाड़ न हो।

Report - Vinay kumar mishra