सुपौल में सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज, डीएम ने “हर खेत तक सिंचाई का पानी” के तहत चल रहे नहर सफाई कार्य का किया निरीक्षण

सुपौल में सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज, डीएम ने
डीएम ने नहर सफाई कार्य का किया निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Suapaul : जिले में किसानों को खरीफ और रबी फसलों के लिए बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन बेहद सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने सदर प्रखंड के लौकहा पंचायत का दौरा किया। वहां उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “हर खेत तक सिंचाई का पानी” के तहत चल रहे नहर सफाई एवं तटबंध मरम्मत कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए।


कजरा माइनर नहर में गाद सफाई और तटबंध मरम्मत का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कजरा माइनर नहर में चल रहे गाद सफाई (डिसिल्टिंग) और नहर के क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत कार्य की भौतिक प्रगति का जायजा लिया। आपको बता दें कि यह महत्वपूर्ण योजना जल संसाधन विभाग द्वारा मनरेगा एवं वीबी-जी-राम-जी योजना के संयुक्त माध्यम से धरातल पर क्रियान्वित की जा रही है। डीएम ने मौके पर काम की रफ्तार को देखा और इसमें तेजी लाने की बात कही।


गुणवत्ता से समझौता नहीं, प्राक्कलन के अनुरूप काम करने के निर्देश

नहर की उड़ाही के दौरान डीएम सावन कुमार ने मौके पर मौजूद अभियंताओं (इंजीनियरों) और मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिया कि सरकारी प्राक्कलन के नियमों और तय मानकों के अनुरूप ही शत-प्रतिशत काम सुनिश्चित कराया जाए, ताकि सरकारी राशि का सही सदुपयोग हो सके।


ह्यूम पाइप की सफाई और गहराई तक उड़ाही कराने को कहा

जिलाधिकारी ने मुख्य नहर से निकलने वाली विभिन्न उप शाखा नहरों में पानी के बेहतर और निर्बाध प्रवाह को लेकर भी विशेष तकनीकी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य नहर के रास्ते में जहां भी ह्यूम पाइप लगे हैं, उनकी अच्छे से सफाई कराई जाए। इसके साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार नहर की गहराई तक तल सफाई (बॉटम क्लीनिंग) कराई जाए, ताकि अंतिम छोर (टेल एंड) तक के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सके।


कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए मजबूत सिंचाई व्यवस्था जरूरी: डीएम

मौके पर मौजूद लोगों और मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सिंचाई व्यवस्था का मजबूत होना बेहद जरूरी है। इन जल योजनाओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन ही किसानों को समय पर पानी उपलब्ध करा सकता है, जिससे खेती को सीधा लाभ मिलेगा। इस निरीक्षण के दौरान डीआरडीए सुपौल के निदेशक अनित कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी, विभागीय कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट