सुपौल में बदमाशों का तांडव: घात लगाकर किराना व्यवसायी को पीटा, नकदी, जेवर और सामान लूटा

सुपौल में बदमाशों का तांडव: घात लगाकर किराना व्यवसायी को पीट
लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने जमकर पीटा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत के सायत लक्ष्मीपुर हरि खिरहर स्थित एक मुर्गा फार्म के समीप अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। यहां पहले से घात लगाए बैठे बेखौफ बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को निशाना बनाते हुए न केवल उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उनसे हजारों की नकदी, सोने की चेन, मोबाइल और कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।


सुनसान रास्ता देखकर घात लगाए बदमाशों ने किया लूटपाट

लूटपाट के शिकार पीड़ित व्यवसायी नीतीश गोस्वामी ने बताया कि वह राघोपुर बाजार से अपनी दुकान के लिए किराना और कॉस्मेटिक का थोक सामान खरीदकर सीटी रिक्शा (इलेक्ट्रिक रिक्शा) पर लादकर अपने घर देवीपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनका रिक्शा लक्ष्मीपुर सायत स्थित मुर्गा फार्म के पास सुनसान रास्ते पर पहुंचा, तभी अचानक वहां पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच की संख्या में अज्ञात बदमाशों ने उनके रिक्शा को जबरन रुकवा लिया और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।


लूट का विरोध करने पर जमकर पीटा

पीड़ित के अनुसार, रिक्शा रुकते ही बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन्हें लाठी-डंडों और घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान बदमाशों ने व्यवसायी के गले से सोने की चेन, जेब में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद अपराधी रिक्शा पर लदा सारा किराना व कॉस्मेटिक सामान भी समेटकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों की पिटाई से लहूलुहान होकर व्यवसायी सड़क किनारे ही गिर पड़े।


स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

वारदात के कुछ देर बाद उस रास्ते से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जब व्यवसायी को घायल और बदहवास हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा, तो मामले को समझते देर न लगी। ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए आनन-फानन में घायल नीतीश गोस्वामी को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी मरहम-पट्टी और इलाज में जुटी है। इसके साथ ही घटना की जानकारी तुरंत उनके परिजनों को दी गई, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।


इधर, परिजनों द्वारा घटना की लिखित और मौखिक सूचना दिए जाने के बाद राघोपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस बल ने अस्पताल पहुंचकर घायल व्यवसायी का बयान दर्ज किया और फिर फौरन वारदात वाली जगह (मुर्गा फार्म के समीप) पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से औपचारिक लिखित आवेदन देने को कहा है ताकि नामजद व अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सके। इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तफ्तीश में जुट गई है; अपराधियों को चिन्हित करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट