भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 80 किलो गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, कोसी पालर के रेत में छिपाकर रखा था बंडल

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 80 किलो गांजे के
80 किलो गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी पिपराही की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी जवानों ने सीमा क्षेत्र में सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में 80 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसके साथ ही मौके से एक शातिर तस्कर को भी रंगे हाथों गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।


गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

इस बड़ी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि खुफिया तंत्र और विश्वसनीय सूत्रों से एक सटीक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि सीमा चौकी पिपराही के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ (गांजा) की तस्करी होने की संभावना है। इस इनपुट को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक विशेष पेट्रोलिंग पार्टी का गठन किया गया, जिसमें राहत व बचाव टीम के जवानों को भी शामिल किया गया।


नाव के जरिए मौके पर पहुंची विशेष सुरक्षा दल

चूंकि तस्करों द्वारा कोसी नदी के दियारा क्षेत्र का इस्तेमाल किए जाने की सूचना थी, इसलिए विशेष सुरक्षा दल नाव के जरिए सूचना आधारित चिह्नित जगह 'कोसी पालर' पर पहुंचा। वहां सतर्कता से छानबीन करने के दौरान जवानों ने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है। सुरक्षा दल ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए उस व्यक्ति को चारों तरफ से घेरे में ले लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान अशोक मुखिया, ग्राम- पिपराही, जिला- सुपौल के निवासी के रूप में बताई।


बालू के नीचे दबाकर रखा था गांजा

संदेह गाढ़ा होने पर पेट्रोलिंग पार्टी ने उस पूरे इलाके की गहन तलाशी (सर्च ऑपरेशन) शुरू की। इस दौरान जवानों ने कोसी पालर के रेत (बालू) में दबाकर रखे गए चार बड़े प्लास्टिक के बंडलों को ढूंढ निकाला। जब इन बंडलों को खोलकर बारीकी से चेक किया गया, तो उसके अंदर से उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद हुआ। एसएसबी द्वारा वजन कराने पर जब्त किए गए कुल गांजे की मात्रा 80 किलोग्राम आंकी गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक आंकी जा रही है।


कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि जब्ती की इस बड़ी कार्रवाई के बाद मौके पर बरामद गांजे और गिरफ्तार तस्कर अशोक मुखिया को आवश्यक कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय रतनपुरा थाना (जिला सुपौल) की पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस सफल और चुनौतीपूर्ण अभियान में सहायक कमांडेंट मयूर रंगारी एवं अन्य जवानों ने बेहद सराहनीय व साहसिक भूमिका निभाई। उन्होंने साफ किया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मादक पदार्थों की हेराफेरी और अन्य सभी प्रकार की अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट