भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 11 ग्राम स्मैक और नकदी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Bihar News : एसएसबी की 45वीं वाहिनी को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर स्मैक और भारतीय मुद्रा के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है....

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 11 ग्राम स्मैक औ
भारत-नेपाल सीमा पर स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहिनी के तहत आने वाली सीमा चौकी पिपराही के जवानों ने 17 मई की रात को त्वरित और सतर्क कार्रवाई करते हुए दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया। सुरक्षा बलों ने इनके पास से 11 ग्राम स्मैक, 68,310 रुपये की भारतीय मुद्रा और दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं।


गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

इस सफल ऑपरेशन के संबंध में जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकी पिपराही क्षेत्र के जरिए मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप की तस्करी होने की विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से एक विशेष नाका पार्टी का गठन किया गया। इसके बाद जवानों ने चिन्हित संदिग्ध स्थान पर अपनी पोजीशन ली और तस्करों को घेरने की रणनीति बनाई।


घेराबंदी कर दबोचे गए संदिग्ध

विशेष नाका पार्टी ने ऑपरेशन के दौरान देखा कि सीमा के पास बंबू झाड़ी के समीप दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रणनीतिक घेराबंदी की और दोनों को मौके पर ही धर-दबोचा। सुरक्षा बलों द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में तस्करों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिला निवासी जसमुद्दीन मियां और दिवाकर मंडल के रूप में की गई है, जो सीमाई इलाके में अवैध गतिविधि को अंजाम देने आए थे।


तलाशी में स्मैक और नकदी बरामद

पकड़े गए आरोपियों की जब सघन तलाशी ली गई, तो जसमुद्दीन मियां की शर्ट की जेब से एक काले रंग के प्लास्टिक में रखा चिपचिपा काला पदार्थ मिला, जो जांच में 11 ग्राम स्मैक पाया गया। वहीं, दूसरे आरोपी दिवाकर मंडल की तलाशी के दौरान उसके पास से 68,310 रुपये की भारतीय नकदी बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि वे इस स्मैक को पिपराही क्षेत्र में किसी अज्ञात डीलर को बेचने आए थे और बरामद रकम स्मैक की बिक्री से ही जुटाई गई थी।


स्थानीय पुलिस को सौंपे गए आरोपी

एसएसबी ने बरामद स्मैक, भारतीय मुद्रा और दोनों स्मार्टफोन को जब्त करते हुए गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आगे की कानूनी प्रक्रिया और गहन जांच के लिए दोनों आरोपियों को स्थानीय रतनपुरा थाना (जिला सुपौल) के सुपुर्द कर दिया गया है। कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि इस पूरे अभियान में सहायक कमांडेंट मयूर रंगारी और अन्य जवानों ने सराहनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने दोहराया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी को रोकने के लिए एसएसबी का सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट