पुलिस का बड़ा 'रेस्क्यू': खिड़की तोड़कर ले गए थे दो बहनें, जोगबनी बॉर्डर से दबोचे गए अपहरणकर्ता
सुपौल के बलुआ थाना क्षेत्र से शनिवार रात अपहृत दो नाबालिग बहनों को पुलिस ने अररिया के जोगबनी से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने घर की खिड़की तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था।
Supaul - सुपौल जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से अपहृत दो नाबालिग बहनों को पुलिस ने अररिया के जोगबनी से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
एक ही परिवार की दो बहनों का हुआ था अपहरण
बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात एक ही परिवार की दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण की घटना सामने आई थी। ये दोनों लड़कियां आपस में सगी और चचेरी बहनें बताई जा रही हैं। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात से ही दोनों घर से लापता थीं, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
खिड़की तोड़कर अपहरण करने का आरोप
अपहृता के पिता ने बलुआ थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया कि अज्ञात व्यक्तियों ने घर की खिड़की तोड़कर प्रवेश किया और नाबालिग पुत्री को बेहोश कर उसका अपहरण कर लिया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सुराग न मिलने पर पुलिस की शरण ली।
जोगबनी से हुई बरामदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की। रविवार की देर रात पुलिस टीम ने अररिया जिले के जोगबनी बॉर्डर के पास दबिश दी, जहाँ से दोनों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
दो अपहरणकर्ता पुलिस की गिरफ्त में
बरामदगी के दौरान पुलिस ने एक अपहरणकर्ता को मौके पर ही धर दबोचा, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस ने पीछा करते हुए फरार आरोपी को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भीमपुर थाना क्षेत्र के चापिन निवासी नरेश कुमार राय और बलुआ थाना क्षेत्र के घोड़ा घाट निवासी मोहम्मद रजीउल्ला के रूप में हुई है।
न्यायिक प्रक्रिया और जेल भेजने की तैयारी
बलुआ थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों अपहृता और आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। बरामद लड़कियों को धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा गया है। वहीं, गिरफ्तार दोनों अपहरणकर्ताओं को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
Report - vinay kumar mishra