Bihar News:गंगा स्नान के दौरान किशोर की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar News: अपने दो-तीन दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। ...

N4N डेस्क: बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर कष्टहरिया घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रांत कुमार (13 वर्ष) के रूप में हुई है। वह विकास राय का इकलौता पुत्र था।
जानकारी के मुताबिक, विक्रांत अपने दो-तीन दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसके साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद लोग मौके पर जुटे और उसे खोजने लगे। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव पानी से निकाला गया।
विक्रांत के पिता विकास राय दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मां, दादा-दादी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दादा लखन राय ने बताया कि पोता गंगा स्नान के लिए गया था, जहाँ यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना पर बिदुपुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। पुलिस ने कहा कि यह एक दुर्घटना का मामला है और आगे की औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।
एक मासूम की अचानक मौत से पूरे गाँव का माहौल ग़मगीन हो गया है। परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। इकलौते बेटे को खोने का गम परिवार कभी नहीं भूल पाएगा।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार