Bihar Gold rate: सोना-चांदी में ज़बरदस्त उछाल,चार दिन की मंदी के बाद मुनाफ़ावसूली के बाद लौटी रौनक, जानिए बिहार में आज का भाव

Bihar Gold rate:लगातार चार कारोबारी दिनों की गिरावट और भारी मुनाफ़ावसूली के बाद मंगलवार, 3 फरवरी को सोने और चांदी की कीमतों में तेज़ी दर्ज की गई है।

Bihar Tremendous rise in gold and silver
सोना-चांदी में ज़बरदस्त उछाल- फोटो : social Media

Bihar Gold rate: अंतरराष्ट्रीय बुलियन बाज़ार में एक बार फिर चमक लौटती नज़र आ रही है। लगातार चार कारोबारी दिनों की गिरावट और भारी मुनाफ़ावसूली के बाद मंगलवार, 3 फरवरी को सोने और चांदी की कीमतों में तेज़ी दर्ज की गई है। बाज़ार की भाषा में कहें तो अब तक दबाव में रहा बुलियन सेगमेंट एक बार फिर रिकवरी मोड में आ गया है और निवेशकों की नज़रें नए सपोर्ट और रेज़िस्टेंस लेवल पर टिक गई हैं।

मंगलवार को स्पॉट गोल्ड में करीब 4 प्रतिशत की दमदार तेजी देखने को मिली, जिसके बाद इसकी कीमत उछलकर 4,830 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, स्पॉट सिल्वर ने और भी आक्रामक चाल दिखाते हुए लगभग 8 प्रतिशत की छलांग लगाई और यह 82.74 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने में कामयाब रहा। बाजार के जानकार इसे शॉर्ट कवरिंग और ताजा खरीदारी का नतीजा बता रहे हैं।

हालांकि, इससे पहले गोल्ड और सिल्वर दोनों ही जबरदस्त दबाव में रहे। बीते कुछ दिनों से सोने में मुनाफ़ावसूली का दौर चल रहा था। 30 जनवरी 2026 को गोल्ड की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके चलते स्पॉट गोल्ड 5,000 डॉलर प्रति औंस के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया था। चांदी की हालत तो सोने से भी ज़्यादा खराब रही। उसी दिन सिल्वर करीब 27 प्रतिशत टूट गया था, जिससे बाज़ार में हड़कंप मच गया।

इंटरनेशनल मार्केट में हालात और भी सख़्त रहे। मंगलवार से पहले के दो कारोबारी सत्रों में गोल्ड करीब 13 प्रतिशत और चांदी लगभग 34 प्रतिशत तक टूट चुकी थी। चांदी की कीमतें लगातार तीसरे दिन फिसलती रहीं, जिसने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।

घरेलू बाज़ार की बात करें तो सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी 52,000 रुपये टूटकर 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर आ गई। कमजोर वैश्विक संकेतों और डॉलर की मज़बूती के दबाव में सोना भी फिसलकर 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, शनिवार को ही चांदी 19 प्रतिशत यानी 72,500 रुपये गिरकर 3.12 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ चुकी थी।

पिछले तीन सत्रों में चांदी की कीमतें कुल मिलाकर 1,44,500 रुपये या लगभग 36 प्रतिशत टूट चुकी हैं। गौरतलब है कि 29 जनवरी को चांदी ने 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल-टाइम हाई बनाया था, लेकिन अब वहां से तेज करेक्शन देखने को मिला है। फिलहाल, बाजार में उतार-चढ़ाव बरकरार है और निवेशक हर नए संकेत पर बेहद सतर्क नज़र रखे हुए हैं।