पटना के बिहटा में निर्माणाधीन खुले नाले में मिला व्यक्ति का शव, परिजनों में आक्रोश

घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है. परिजनों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नाले का निर्माण कर उसे खुला छोड़ दिया गया था. परिजनों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

Bihta
Bihta- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना के बिहटा चीनीमिल ओपी क्षेत्र के राघोपुर गांव में मंगलवार को निर्माणाधीन नाले में पानी के बीच एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान राघोपुर निवासी कृष्णा महतो के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गये.


बताया जाता है कि राघोपुर में नगर परिषद की ओर से नाले का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माणाधीन नाले में पानी जमा था. इसी दौरान पानी के बीच कृष्णा महतो का शव मिला. सूचना मिलने पर चीनीमिल ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.


घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है. परिजनों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नाले का निर्माण कर उसे खुला छोड़ दिया गया था. परिजनों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.


बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है. लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

सुमित की रिपोर्ट